इंदौर में कोरोना आउट ऑफ कंट्रोल : 110 नए संक्रमित; उज्जैन में 8,भोपाल में 4 महीने का बच्चा पॉजिटिव

ब्रह्मास्त्र इंदौर। प्रदेश में इंदौर कोरोना का हॉटस्पॉट बन चुका है। 24 घंटे में यहां 110 नए संक्रमित मिले। 206 दिन बाद पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा तीन अंकों में आया है। इससे पहले 10 जून 2021 को 117 मरीज मिले थे। शहर में पांच दिन में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर पांच गुना हो गई है। रविवार तक यह संख्या 438 तक पहुंच गई है। इसके पहले बीते साल जून में एक्टिव मरीजों की संख्या 344 थी। संक्रमण दर 1.58 फीसदी हो गई है।
भोपाल में रविवार को कोरोना के 54 नए केस मिले हैं। पुराने शहर में एक ही परिवार के 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें 4 महीने का बच्चा भी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग इनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर रहा है। इसके अलावा ग्वालियर में दूसरे दिन केस डबल हो गए। यहां 9 नए केस मिले हैं। इसके अलावा सागर और जबलपुर में 4-4 नए केस मिले हैं।
रतलाम में 2 नए पॉजिटिव मिले हैं। जावरा के नजरबाग कॉलोनी में 14 साल की लड़की और रतलाम के वाहिदनगर में 26 साल का युवक संक्रमित मिला है। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 7 हो गई है। उज्जैन में रविवार को 8 पॉजिटिव आए। यहां 33 एक्टिव केस हैं। रीवा में 6, सागर में 4 नए संक्रमित मिले हैं।

Author: Dainik Awantika