परशुराम जन्‍मस्‍थली जानापाव पहुंचे मुख्‍यमंत्री ने दर्शन किए, कहीं सभा ली तो कहीं किया रोड शो

 

महू, खरगोन। भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव पहाड़ी पर शुक्रवार को भगवान परशुराम का प्रकटोत्सव मनाया गया।
मुख्यमंत्री मोहन यादव व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा सहित कई अन्य भाजपा नेता जानापाव पहुंचे। मुख्यमंत्री जानापाव में करीब 55 मिनट रुके। इस दौरान यज्ञ में पूर्णाहुति देने के साथ ही उन्‍होंने भगवान परशुराम के पुराने और नए मंदिर में दर्शन किए।

इसके साथ ही सीएम ने यहां सभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए परशुराम द्वारा श्रीकृष्ण को सुदर्शन चक्र देने का प्रसंग बताया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जब युद्ध लड़ने जा रहे थे तब उनके पास कोई हथियार नहीं था। तब ऋषि सांदीपनी ने श्रीकृष्ण से कहा कि आप भगवान परशुराम जी के पास जाओ वह आपको युद्ध में लड़ने के लिए हथियार देंगे। तब वह जानापाव आए और भगवान परशुराम ने उन्हें सुदर्शन चक्र दिया।
उन्‍होंने कहा कि अब भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकार चुनाव आचार संहिता के बाद जहां भी श्रीकृष्ण और भगवान राम की लीलाएं या घटना घटित हुई हैं उसे तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने के लिए योजना बनाएगी।

मंडलेश्‍वर में रोड शो

खरगोन। मंडलेश्वर में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने शुक्रवार को रोड शो किया। भीषण गर्मी के कारण कार्यकर्ताओ की कमी दिखी।
रोड शो में अधिकतर कार्यकर्ता अपने अपने वाहनों में नजर आए। काफिले में लगभग 200 कार्यकर्ता एवं 25 चार पहिया वाहन थे। वहीं नगर की बालिका आंचल महाजन ने मुख्यमंत्री का चित्र बना कर भेंट किया।

Author: Dainik Awantika