भाई बुलाने पहुंचा तो कमरे में फंदे पर लटका मिला युवक -शादी नहीं होने से तनाव में था, काम भी नहीं गया था

उज्जैन। हैंडलूम की दुकान पर काम करने वाले युवक ने शुक्रवार रात फांसी लगा ली। भाई उसे खाना खाने के लिये बुलाने पहुंचा तो उसे फंदे पर लटका पाया। आशंका जताई गई है कि शादी नहीं होने से वह तनाव में था। पुलिस ने मामला जांच में लिया है। चिमनगंज थाना एसआई हाकमसिंह नायक ने बताया कि शुक्रवार रात एमपी नगर कानीपुरा रोड पर रहने वाले हाकमसिंह उर्फ सोनू पिता जगन्नाथ चौहान 31 वर्ष का शव साड़ी के फंदे से कमरे में लटका होने की खबर मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंची शव फंदे से उतारा था और जिला अस्पताल पहुंचाया था। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। भाई राजेन्द्र ने बताया कि हाकम का शुक्रवार को जन्मदिन था, वह फ्रिगंज में हैंडलूम की दुकान पर काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। पत्नी ने जन्मदिन होने पर खाना बनाया था। उसे कमरे में बुलाने पहुंचा तो फंदे पर लटका दिखाई दिया। टीवी तेज आवाज में चल रही थी। बताया जा रहा है कि वह शादी नहीं होने पर तनाव में रहता था। संभवत: इसी के चलते उसने फांसी लगाकर जान दी है। एसआई नायक के अनुसार परिजनों के बयान और जांच के बाद ही कारणों का खुलासा हो पायेगा।

Author: Dainik Awantika