आसमान ने आग उगली,पारा 44 डिग्री पर आया

-इस वर्ष ग्रीष्म ऋतु का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया वेधशाला में

 

 

-अभी और तापमान बढने की संभावना जता रहा प्रदेश का मौसम विभाग

उज्जैन। रविवार को इस वर्ष ग्रीष्म ऋतु का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है। दोपहर में आसमान आग उगलता महसूस हो रहा था। वाहन लेकर निकले लोगों को सडक से ऐसी आंच उठती लग रही थी जैसे चेहरा जला देगी। रविवार को  अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शनिवार रात को न्यूनतम तापमान भी 28.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

अब तक तापमान 40 से 42 डिग्री के आसपास ही मंडरा रहा था। मई की इस गर्मी में पहली बार रविवार को झूलसा देने वाली गर्मी महसूस हुई है। दोपहर के समय हालत यह रही है कि आम आदमी ही नहीं पशु भी छांव और ठंडक की स्थिति में दुबक कर बैठ गए थे। दोपहर बाद ही लोग घरों से बाहर निकले और पशु भी छांव के स्थल को छोडने को तैयार हुए। इस दौरान झुलसा देने वाली गर्म हवाएं 6 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही  हैं। गर्म हवाओं के थपेडे जो भी छांव और ठंडक वाले स्थानों से बाहर निकला उसे जमकर लगे हैं। शासकीय जीवाजी वेधशाला में रविवार को सुबह न्यूनतम तापमान 28.5 एवं अपरांह में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इस दौरान सुबह आर्द्रता 37 और शाम को 19 दर्ज की गई है। हवा की गति 6 किलोमीटर प्रति घंटे की दर्ज की गई है।

इसलिए बढ रही गर्मी-

मौसम विभाग के अनुसार नॉर्थ ईस्ट राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन सिस्टम है वहीं से एक ट्रफ लाइन भी गुजर रही है। मध्य प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टरबेंस ट्रक लाइन के साथ एक्टिव है। एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर होगा इसके चलते कहीं तेज गर्मी तो कहीं बारिश आंधी की संभावना है। खासकर दक्षिणी और पूर्वी हिस्से में बारिश और आंधी का असर हो सकता है।

अगले 4 दिन एक से हाल संभव-

मौसम विभाग की माने तो लगातार चार दिनों तक मौसम में भारी उलट फेर देखने को मिलेगा। मध्य प्रदेश के शिवपुर, भिंड, मुरैना, दतिया, ग्वालियर, शिवपुरी, अशोक नगर, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर और गुना में लू का प्रकोप रहेगा। वही उज्जैन में तापमान गर्म रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 20 मई 2024 को अशोकनगर, निवाड़ी, शिवपुरी, भिंड, मुरैना, शिवपुर, छतरपुर, खरगोन, खंडवा और ग्वालियर के साथ ही बुरहानपुर में हीट वेव यानी गर्म हवा का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि छिंदवाड़ा और पांढुर्णा सिवनी में हल्की बारिश हो सकती है। मंगलवार को शिवपुरी, गुना, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, अशोकनगर, शिवपुरी, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, ग्वालियर और छतरपुर में 21 मई 2024 को गर्म हवाएं चलने का अनुमान मौसम विभाग द्वारा लगाया गया है।