अब महाकाल के पुरोहित ने मुंबई की श्रद्धालु  से भस्मारती अनुमति के 1500 रुपए मांगे

 

– कलेक्टर से शिकायत के बाद मामला उजागर हुआ, श्रद्धालु ने बातचीत का ऑडियो भी भेजा

– महिला का आरोप 200 लगते हैं तो 1500 किस बात के, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश 

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन। 

महाकाल मंदिर के पुरोहित राजेंद्र जोशी पर मुंबई की रहने वाली श्रद्धालु मधु शंकर ने भस्मारती की अनुमति कराने के नाम पर प्रति व्यक्ति 1500 रुपए मांगने का आरोप लगाया है। श्रद्धालु ने इसकी उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह से शिकायत की है। इतना ही नहीं श्रद्धालु ने पुरोहित द्वारा रुपए की मांग किए जाने का एक ऑडियो भ कलेक्टर को भेजा है। 

महिला ने कलेक्टर सिंह से यह शिकायत ईमेल के जरिए की है। इसके बाद कलेक्टर सिंह ने महाकाल मंदिर के प्रशासक मृणाल मीणा को मामले की जांच के आदेश दिए हैं। महिला श्रद्धालु ने पुरोहित और खुद के बीच हुई पूरी बातचीत मोबाइल पर रिकॉर्ड कर ली थी। शिकायत के साथ ये ऑडियो भी कलेक्टर को भेजा गया है। मुंबई की रहने वाली मधु शंकर सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी है। 

अहमदाबाद से आने वाले थे 4 श्रद्धालु

12 मई को पुरोहित से बात की गई थी  

शिकायतकर्ता महिला मधुशंकर ने बताया कि अहमदाबाद गुजरात के रहने वाले उनके परिचित परिवार के 4 लोग उज्जैन में महाकाल के दर्शन व भस्मारती करने वाले थे। उनका यहां 23 मई को भस्मारती में शामिल होना का कार्यक्रम था। इसके लिए महिला ने पुरोहित जोशी से 12 मई को भस्मारती अनुमति कराने संबंधी बातचीत की थी। गुजरात में रहने वाले परिचित ने महिला को बताया था कि भस्मारती की परमिशन नहीं मिल पा रही है। महिला ने कहा कि वह उज्जैन में पुरोहित राजेंद्र जोशी को जनती है। पूर्व में महाकाल के उन्होंने ने ही दर्शन करवाए थे। महिला ने पुरोहित जोशी से भस्मारती अनुमति कराने की बात की तो उन्होंने 1500 रुपए प्रति व्यक्ति खर्च बताया। महिला ने कहा कि इसके तो 200 रुपए ही लगते हैं। पुरोहित ने कहा इतने में नहीं हो पाएगा। महिला ने इसकी 16 मई को उज्जैन कलेक्टर को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी। 

पुरोहित जोशी का कहना है 1500 रुपए 

भस्मारती के नहीं अभिषेक के मांगे 

इस पूरे मामले में महाकाल मंदिर के पुरोहित राजेंद्र जोशी ने कहा कि यह सही है कि महिला का फोन आया था। उसने भस्मारती अनुमति की बात कही थी। लेकिन उन्होंने जो 1500 रुपए बताए वह अभिषेक-पूजन की दक्षिणा के बताए थे न कि भस्मारती अनुमति कराने के। पुरोहित जोशी ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने महिल से कहा था कि 200 रुपए भस्मारती परमिशन के लगते है और करीब 1300 रुपए पूजन सामग्री व दक्षिणा मिलाकर के खर्च आएगा।

कलेक्टर ने कहा प्रशासक जांच कर 

रहे हैं जो भी दोषी होगा कार्रवाई करेंगे 

इस मामले को लेकर उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने कहा कि मुंबई की महिला श्रद्धालु ने ईमेल के जरिए भस्मारती की अनुमति कराने के नाम की पुरोहित जोशी की शिकायत की है। मंदिर प्रशासक मृणा मीणा को इसकी जांच के आदेश दिए है। जांच के बाद यदि कोई भी व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भस्मारती अनुमति कराने के नाम 

पहले भी हो चुकी शिकायत व ठगी

– फरवरी 2024 में उज्जैन कमिश्नर के नाम भस्मारती परमिशन बनवाकर बेचने का मामला सामने आया था, जिसमें दिल्ली के तीन श्रद्धालु अलोक कुमार, ध्रुव कुमार और दीपांशु शर्मा से 6 हजार रुपए वसूल लिए थे। इस मामले में भी एक पुरोहित का नाम आया था।

– हाल ही हैदराबाद के रिटायर्ड बैंक कर्मी प्रसन्न श्रीशैलम के साथ भी भस्मारती अनुमति के नाम पर एक लाख रुपए ठगे लिए गए थे।

– 5 अगस्त 2023 को पुणे के श्रद्धालु विश्वजीत सिंह गोहिल से मयूर जैन नाम के व्यक्ति ने भस्मारती के नाम पर 9700 रुपए ले लिए थे। जब वह उज्जैन आया, तो पता चला कि अनुमति ही नहीं हुई है।

– 16 अप्रैल 2023 को दिल्ली के श्रद्धालु नितिन भारद्वाज, मोहित अरोरा व दिशांत गैरा ने शिकायत की थी कि उनसे मृत्युंजय कुमार ने भस्मारती के नाम पर 4500 रुपए लिए।