मध्य प्रदेश के आने वाले बजट पर मुख्यमंत्री यादव की नजर

 

चुनावी प्रचार के बीच वित्त अफसरों से की चर्चा, आचार संहिता खत्म होते ही होगी प्रशासनिक सर्जरी

भोपाल। प्रदेश में लोकसभा चुनाव का मतदान पूरा होने और अन्य राज्यों में प्रचार के दौरों के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की नजर आने वाले बजट पर भी है। उन्होंने मंत्रालय पहुंचकर मुख्य सचिव वीरा राणा, प्रमुख सचिव गृह संजय दुबे, डीजीपी सुधीर सक्सेना और वित्त विभाग के अफसरों के साथ चर्चा की।
वित्त विभाग ने विभागवार बजट पर विभागीय अधिकारियों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री ने भी बजट को लेकर अफसरों से चर्चा की। लोकसभा चुनाव के बाद बड़ी प्रशासनिक सर्जरी देखने को मिलेगी। उस पर भी मंत्रालय में मंथन हुआ।

लोकसभा चुनाव के बाद फील्ड में पदस्थ किए गए कलेक्टर-एसपी बदले जाना है।
लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना परिणाम चार जून को आना है। उसके बाद यह सर्जरी होना है।
मंत्रालय में भी अधिकारियों के विभागों में आंशिक फेरबदल किया जाना है। चुनाव के परिणामों के बाद मंत्रालय में ट्यूनिंग के आधार पर विभागों के अफसरों पर पदस्थ किए जाने हैं। मुख्यमंत्री नई जमावट को लेकर मंथन कर रहे हैं।
इधर, जून अंत में मध्यप्रदेश का बजट सत्र होना है। जिसमें सालाना बजट के लिए चर्चा होनी है। इसमें किस विभाग को क्या जरूरत है , इसको लेकर मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है। बाकी विभागवार चर्चा होने के बाद मुख्यमंत्री एक बार विभागों के साथ मंथन करेंगे।

Author: Dainik Awantika