सिंहस्थ 2028 की कमान सीएम मोहन  यादव खुद संभालेंगे, फ्लैग स्टेशन बनेगा

– कैबिनेट कमेटी जल्द, सेटेलाइट टाउन सहित कई योजनाओं पर काम शुरू होगा

 

दैनिक अवंतिका उज्जैन।  

सिंहस्थ 2028 की कमान इस बार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद संभालेंगे। क्योंकि सिंहस्थ महापर्व उज्जैन में लगना है और मुख्यमंत्री यहीं के रहने वाले है। साथ ही यहां के विधायक भी है। इसलिए इस बार का सिंहस्थ महापर्व भी खास ही होगा। शुरू से ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस पूरे महापर्व की तैयारियों पर निगरानी रखे हुए है। 

सिंहस्थ महापर्व को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में जल्द एक कैबिनेट स्तर की कमेटी भी बनने वाली है। कमेटी की बैठकों में ही सिंहस्थ से जुड़ी योजनाओं पर निर्णय लिए जाएंगे। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भोपाल स्थित मंत्रालय में उज्जैन में लगने वाले सिंहस्थ की तैयारियों की औपचारिक समीक्षा की है। 

उज्जैन रेलवे स्टेशन की क्षमता 

बढ़ाएंगे, नए फोरलेन भी बनेंगे   

जल्द ही इसे लेकर एक बड़ी बैठक होने वाली है। कैबिनेट में तीन साल में पूरी होने वाली सभी परियोजनाओं को शामिल करेंगे। इस सिंहस्थ में मुख्यमंत्री डॉ. यादव का कहना है कि शिप्रा को पूर्ण रूप से शुद्ध करना ही सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। सिंहस्थ में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए जावरा-उज्जैन, इंदौर-उज्जैन फोरलेन सहित उज्जैन रेलवे स्टेशन की क्षमता बढ़ाने और उज्जैन के आस-पास एक फ्लैग स्टेशन विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। 

शिप्रा को शुद्ध रखने के लिए आईआईटी 

से सुझाव लेंगे, तीन स्तर पर काम होंगे

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन की शिप्रा को अविरल और निर्मल रखने के लिए सभी विभाग और एजेंसी मिलकर तीन स्तर पर कार्य करेंगी। इंदौर-उज्जैन के बीच स्टॉप डेम मरम्मत, निर्माण, गंदे पानी के डायवर्सन पर काम होगा व आईआईटी से सुझाव और विकल्प लिए जाएंगे। मेला क्षेत्र में अलग-अलग कामों के लिए जोनल प्लान व जल-मल योजना और सीवेज ट्रीटमेंट प्लान 2027 से पहले पूरे करेंगे।