मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की गया में पूजा अर्चना, कांग्रेस पर बोला जोरदार हमला

 

पटना। लोकसभा चुनाव के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार को गया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर पहुंचे। यहां मंदिर के सचिव महाश्वेता महारथी ने पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र देकर उनका स्वागत किया। उसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने परिवार के साथ मंदिर के गर्भगृह मैं पूजन अर्चन किया।

भगवान बुद्ध के समक्ष पूजा अर्चना मुख्य पुजारी भिक्षु चलिंडा ने विधिवत रूप से मंत्रोच्चारण के साथ करवाई। पूजन उपरांत वे पवित्र  बोधि वृक्ष पहुंचे और वृक्ष के बारे में जानकारी ली। इसके बाद बोधगया के एक निजी होटल में उन्होंने प्रेसवार्ता कर विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी ने ओबीसी और एससी-एसटी वालों के साथ हमेशा अन्याय किया है। अब तो कांग्रेस के राजकुमार कहे जाने वाले राहुल गांधी ने भी अपने एक बयान में इस बात को स्वीकार किया है। यह दर्शाता है कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती है। एससी/एसटी, ओबीसी और मुसलमान का रहनुमा होने का दावा करती है लेकिन हकीकत यह है कि ये लोग सिर्फ ठगने का कार्य करते हैं। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर भी तंज करते हुए कहा कि ये सिर्फ मुसलमान के साथ होने का दिखावा करती हैं, लेकिन ये लोग मुसलमान, ओबीसी, एससी/एसटी वालों का हमेशा से नुकसान करते रहे हैं। कांग्रेस के साथ रहने वाली जितनी पार्टियां है, उन्होंने भी इन लोगों को दिग्भ्रमित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गया भगवान बुद्ध की ज्ञान भूमि है, सनातन की धार्मिक नगरी है। मोहन यादव ने कहा कि हमने प्रार्थना किया है कि इन लोगों को भगवान सद्बुद्धि दे। मुस्लिम, ओबीसी, एससी/एसटी के साथ इनका कारनामा अब दूध का दूध और पानी का पानी हो गया है और जनता सब कुछ समझ चुकी है। लोकसभा चुनाव के परिणाम के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।