मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप, लू ने झुलसाया

नर्मदापुरम में गर्मी से 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी

दैनिक अवन्तिका भोपाल

मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। 2-3 दिन से ग्वालियर-चंबल की गर्मी मालवा-निमाड़ की ओर भी शिफ्ट हुई है। इस वजह से इंदौर, उज्जैन, खंडवा, शाजापुर भी भट्?टी की तरह तप रहे हैं। यहां तापमान रिकॉर्ड 44 से 46 डिग्री के पार जा पहुंचा है।

गुरुवार को गुना सबसे हॉट रहा। यहां टेम्प्रेचर रिकॉर्ड 46.6 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर और उज्जैन सीजन के सबसे गर्म रहे। ऐसा ही मौसम शुक्रवार को भी बना रहेगा। प्रदेश के आधे हिस्से में लू का अलर्ट भी है। मौसम विभाग ने बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट में आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।
नर्मदापुरम के पवारखेड़ा में एग्रीकल्चर कॉलेज की तीन छात्राओं की तबीयत गुरुवार रात बिगड़ गई। रात 9.30 बजे छात्राओं को हॉस्टल स्टाफ जिला अस्पताल लेकर आया। एक छात्रा बेहोशी की हालत में थी। छात्राओं को उल्टी और डिहाइड्रेशन की शिकायत है। इमरजेंसी ड्यूटी डॉक्टर राजेश धाकड़ ने बताया कि गर्मी की वजह से छात्राओं की तबीयत बिगड़ी है। नर्मदापुरम में गुरुवार दिन का तापमान 40.7 डिग्री रहा।

बांग्लादेश-थाईलैंड में हीटवेव से 30 की मौत
भारत समेत 7 देशों का तापमान 45 डिग्री पार, पाकिस्तान में परीक्षाएं कैंसिल

एजेंसी नई दिल्ली

दुनियाभर के कई देश इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में हैं। भारत, बांग्लादेश, पाकिस्तान, थाईलैंड, वियतनाम, माली और लीबिया में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से पार जा चुका है। अमेरिका के नेशनल ओसियानिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, कई देशों में रात में भी हीटवेव चल रही है।
मई में रात का औसत तापमान दिन की तरह बढ़ गया है। साउथ एशिया में हीटवेव की आशंका 45 गुना बढ़ गई है। उधर, पश्चिम एशिया (सीरिया, इजराइल, फिलिस्तीन, जॉर्डन, लेबनान) में यह 5 गुना बढ़ी है। 22 मई को भारत के 9 शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा पहुंचा। इजराइल और फिलिस्तीन में जंग की वजह से हीटवेव ज्यादा बढ़ी है।

पाकिस्तान- स्कूल बंद, अस्पतालों में हाई अलर्ट- बारिश और बाढ़ से परेशान रहे पाकिस्तान में अब लू चल रही है। मोहनजोदाड़ो में तापमान 48.5 डिग्री तक पहुंच गया है। यह सामान्य से 8 डिग्री ज्यादा है। यहां परीक्षाएं टाल दी गई हैं। 31 मई तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं। अस्पतालों को हाई अलर्ट मोड पर रखा गया हैं।
बांग्लादेश- 26 दिन से हीटवेव, स्कूल बंद- बांग्लादेश में लगातार 26 दिन से हीटवेव चल रही है। तापमान 43.8 डिग्री तक जा पहुंचा, जो औसत से 7 डिग्री ज्यादा है। यहां अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है। थाईलैंड में भी गर्मी की वजह से 30 से ज्यादा मौतें हो गई हैं। यहां स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
म्यांमार- अप्रैल से पिछले हफ्ते तक रोज 40 मौतें- म्यांमार में अप्रैल से ही हीटवेव शुरू हो गई थी। इससे देश में अप्रैल से 10 मई तक रोज 40 मौतें हुईं। यहां तापमान 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है। मैक्सिको के जंगलों में गर्मी की वजह से बंदर पेड़ों से गिरकर मर रहे हैं।
जिन इलाकों में बंदरों की मौत हो रही है, वहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है। अब तक 138 बंदरों की मौत हो चुकी है। हीटवेव से 26 लोगों की भी मौत हो चुकी है।