मंत्री प्रहलाद पटेल के बंगले में नीम के पेड़ पर लटक रहे आम

 

भोपाल। प्रदेश के पंचायत ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के बंगले में लगा एक पेड़ चर्चा में है। यहां पर एक नीम के पेड़ में फल आम के लगे हुए हैं। जब इस पेड़ पर मंत्री की नजर पड़ी तो वह भी अचंभित हो गए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर अजूबे का फोटो और वीडियो शेयर किया। जिसके बाद हर तरफ इस पेड़ की चर्चा होने लगी।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने ट्वीट किया है कि आज भोपाल निवास पर नीम के वृक्ष पर आम के फल देखकर नज़दीक जाकर देखा तो मन गदगद हो गया ।किसी हुनरमंद बागवान ने वर्षों पहले यह प्रयोग किया होगा जो अचंभे से कम नहीं है ।

मंत्री भी देखकर चौंके

प्रहलाद पटेल का निवास भोपाल के प्रोफेसर कालोनी के पास सिविल लाइन में बी-7 बंगले में है। उनके बंगले के आसपास बड़ी संख्या में पेड़-पौधे लगे हुए हैं। इन्हीं में एक नीम का पेड़ भी है, जिस पर आम के फल लगे हुए हैं। इस बंगले में अभी निर्माण कार्य चल रहा है। इसी दौरान प्रहलाद पटेल बंगले का निरीक्षण करने पहुंचे थे। पेड़-पौधों का जायजा लेते समय उनकी नजर इस पेड़ पर पड़ी और उन्होंने देखा कि नीम के वृक्ष पर एक टहनी आम की भी है, जो रसीले फलों से लदी है। यह देखकर उन्होंने भी आश्चर्य जताया। उन्होंने इंटरनेट मीडिया में वीडियो शेयर करते हुए लिखा- भोपाल निवास पर नीम के वृक्ष पर आम के फल को नजदीक से जाकर देखा तो मन गदगद हो गया। किसी हुनरमंद बागवान ने वर्षों पहले यह प्रयोग किया होगा जो अचंभे से कम नहीं है।

पुराना है बंगला

अनुमान लगाया जा रहा है कि यह पेड़ करीब 20 से 25 साल पुराना है। प्रहलाद पटेल को यह बंगला इसी साल आवंटित हुआ है। इससे पहले यहां पर ओमप्रकाश सकलेचा रहते थे। वे शिवराज सरकार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री थे। मुख्यमंत्री आवास के बाद यह राजधानी के सभी बंगलों में सबसे बड़ा है। इस बंगले में कभी मुख्यमंत्री कार्यालय हुआ करता था। जब पीसी सेठी मुख्यमंत्री थे तो वे यहीं रहते थे। पूर्व उपमुख्यमंत्री शिवभानु सिंह सोलंकी और सुभाष यादव का भी आवास था। उसके बाद यह बंगला लंबे समय तक खाली रहा। 2018 में मप्र में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो यह बंगला पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को आवंटित किया गया था। हालांकि वे यहां शिफ्ट नहीं हुए थे।
इस बारे में वनस्पति विशेषज्ञ प्रतिभा सिंह का कहना है कि ऐसा संभव है कि नीम के पेड़ में आम का पेड़ उग आया होगा। कई बार बड़े पेड़ों में आम की गुठली गिर जाती है तो पौधे उग आते हैं और बड़े होकर वे फल भी देने लगते हैं।