परे महाप्रबंधक ने रतलाम मंडल के 5 कर्मचारियों को सम्मानित किया

-कुल 27 कर्मचारियों को संरक्षा पुरस्कार से किया गया सम्मानित

उज्जैन। पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक अशोक कुमार मिश्र ने विभिन्‍न मंडलों के कर्मचारियों द्वारा संरक्षा के क्षेत्र में उत्‍कृष्‍ट कार्य कर अपना योगदान देने वाले कुल 27 कर्मचारियों को मुख्यालय चर्चगेट में सम्मानित किया है। इनमें रतलाम मंडल के भी 5 कर्मचारी शामिल है।

जनसंपर्क अधिकारी-रतलाम मंडल खेमराज मीना इन कर्मचारियों को फरवरी, मार्च तथा अप्रैल 2024 के दौरान ड्यूटी में उनकी सतर्कता तथा अप्रिय घटनाओं को रोकने में उनके योगदान और परिणामस्‍वरूप सुरक्षित ट्रेन परिचालन सुनिश्चित करने के लिए सम्मानित किया गया।  इन 27 कर्मचारियों में से 5 रतलाम मंडल, 8 वडोदरा मंडल, 6 अहमदाबाद  मंडल, मुंबई सेंट्रल  एवं भावनगर  मंडलों से प्रत्येक मंडल के 3  तथा राजकोट  मंडल के 2 कर्मचारी शामिल हैं। इस बैठक में अपर महाप्रबंधक एवं विभिन्‍न विभागों के प्रमुख विभागाध्‍यक्ष भी उपस्थित थे, जबकि मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

ये हैं रतलाम मंडल के 5 कर्मचारी-
रतलाम मंडल के सम्‍मानित कर्मचारियों में संदीप कुमार तिवारी-सहायक उज्‍जैन, भागीरथ मीना-लोको पायलट गुड्स, दशरथ लाल धाकड़ – वरिष्‍ठ सहायक लोको पायलट, सुमन कुमार सिन्‍हा- स्‍टेशन मास्‍टर/उसरा, छोटू लाल मीना-गुड्स ट्रेन मैनेजर/चित्‍तौड़गढ़ शामिल हैं।

ये सभी कर्मचारी अनुकरणीय उदाहरण-मिश्र
पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक श्री मिश्र ने सम्‍मानित किए गए कर्मचारियों की सतर्कता एवं अपने कार्य के प्रति निष्‍ठा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे सभी कर्मचारियों के लिए अनुकरणीय उदाहरण हैं। सम्‍मानित किए गए कर्मचारियों ने संरक्षा के विभिन्‍न क्षेत्रों जैसे रेल एवं ट्रैक फ्रैक्‍चर का पता लगाना, अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए आपातकालीन ब्रेक लगाना, कोचों में पाए जाने वाले धुएं को बुझाना, ब्रेक बाइंडिंग, लटकती वस्‍तुओं का पता लगाना आदि जैसे संरक्षा से संबंधित कार्यों को करते हुए ट्रेनों का सुरक्षित  परिचालन सुनिश्चित करने में उत्‍साह और प्रतिबद्धता दिखाई । पश्चिम रेलवे को इन सभी पुरस्कृत कर्मचारियों पर गर्व है जिन्होंने अपनी त्वरित कार्रवाई और सतर्कता से किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को रोकने में मदद की।