वट सावित्री व्रत 6 जून को रखा जाएगा

दैनिक अवन्तिका इंदौर

ज्येष्ठ माह की शुरूआत हो चुकी है और इस माह आने वाले सभी त्योहारों का विशेष महत्व है। इस माह की कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि बेहद शुभ रहने वाली है। इस दिन शनि जयंती और वट सावित्री व्रत भी रखा जाएगा। वट सावित्री का उपवास ज्येष्ठ मास की अमावस्या और पूर्णिमा तिथि को रखा जाता है।

इस दौरान कुछ महिलाएं निर्जला व्रत भी रखती हैं और बरगद के पेड़ की पूजा करती हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार हर साल ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि पर शनि जयंती भी मनाई जाती है। पौराणिक मान्यता के अनुसार शनि देव का जन्म ज्येष्ठ माह की अमावस्या तिथि को हुआ था। इस दिन इनकी पूजा करने से शुभ फलों की प्राप्ति होती है। शनिदेव की कृपा पाने के लिए यह तिथि बेहद ही शुभ मानी जाती है। इस तिथि पर पूजा करने से व्यक्ति के रुके हुए कार्यों को गति मिलती है। पंचांग के अनुसार इस वर्ष वट सावित्री व्रत 6 जून 2024 को रखा जाएगा। वहीं इस दिन पूजा के लिए शुभ मुहूर्त प्रात: 11 बजकर 52 मिनट से दोपहर 12 बजकर 48 मिनट पर होगा। वहीं इसी दिन यानी 6 जून के दिन शनि जयंती मनाई जाएगी।

मान्यताओं के अनुसार इस दिन पूजा के साथ-साथ स्नान और दान करना लाभदायक होता है। इसी दिन सर्वार्थ सिद्धि योग भी बन रहा है, ऐसे में इस बार की शनि जयंती शुभ संयोग लेकर आ रही है, जो भक्तों को कई शुभ परिणाम देगी। विशेष रूप से जिन राशि के जातकों पर शनि की साढ़े साती और ढैया चल रही है,वो इस दिन शनिदेव का पूजन और आराधना कर शनि देव की कृपा प्राप्त कर सकते है।