इंदौर में 16 जून को आ सकता है मानसून, इस बार जोरदार बारिश के आसार

 

इंदौर। मानसून के आगमन से पहले ही शहरवासियों को गर्मी से हल्की राहत मिलने लगी है। मौसम विभाग द्वारा गुरुवार को केरल में मानसून का प्रवेश की घोषणा की गई। ऐसे में अब इंदौर में अपने निर्धारित समय पर 16 जून के बाद तय समय मानसून के आगमन की संभावना जताई जा रही है। इंदौर में मानसून आगमन की तय समय 15 से 20 जून हैं। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार मानसून सीजन में इंदौर में सामान्य से ज्यादा वर्षा होने की संभावना है।

16 दिन बाद 40 डिग्री से नीचे आया पारा

इंदौर में 16 दिन बाद पारा 40 डिग्री से नीचे आया और शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। गुरुवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 39.5 डिग्री दर्ज किया। दिन से रात अब रात में भी उमस व गर्मी का असर कम हुआ है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री 26.1 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में पश्चिमी हवाएं अधिकतम 23 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली। भोपाल स्थित मौसम केंद्र के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक वर्तमान में जम्मू कश्मीर में वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के साथ ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। वही उत्तर प्रदेश पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात भी बना हुआ है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिमी बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक एक द्रोणिका जा रही है। इसके वजह से अभी हल्के बादल छा रहे है और तापमान में कमी देखने को मिल रही है। इंदौर में अगले दो से तीन दिन शुष्क रहेंगे और आंशिक बादल ही छाएंगे।