पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को 34 मामलों में ठहराया गया दोषी

न्यूयार्क। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को अमेरिकी अदालत ने 34 मामलों में दोषी ठहराया है। वह अमेरिकी इतिहास के पहले पूर्व राष्ट्रपति बन गए हैं जिन्हें किसी अपराधी मामले में दोषी ठहराया गया है। केस की शुरूआत से ही डोनाल्ड ट्रंप खुद को निर्दोष बताते आए हैं और दोषी करार होने के बाद उन्होंने इसको अपने खिलाफ एक साजिश का हिस्सा बताया है। नवंबर में अमेरिका में चुनाव होने हैं और डोनाल्ड ट्रंप रिपब्लिकन पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं।
ऐसे में ये सवाल भी उठने लगे है कि क्या ट्रंप दोषी करार होने के बाद भी चुनाव लड़ सकते हैं, उनको कितने साल की सजा हो सकती है और क्या अगर ट्रंप को जेल हुई तो इसका चुनाव प्रचार पर क्या असर पड़ेगा?

ट्रंप को कोर्ट ने दोषी करार दे दिया है, लेकिन उनकी सजा का ऐलान अभी नहीं हो पाया है। सजा की घोषणा 11 जुलाई को होनी है। कानून के हिसाब से उन्हें अधिकतम चार साल की सजा हो सकती है। सजा का ऐलान रिपब्लिकन पार्टी के अधिवेशन से ठीक पहले होगा। 15 जुलाई को होने वाले अधिवेशन में ही ट्रंप की उम्मीदवारी की आधिकारिक घोषणा होनी है। उनकी सजा का असर 5 नवंबर को होने वाले चुनाव पर सीधा असर डालेगी। हालांकि इस अपराध के लिए दोषी ठहराए जाने वाले अन्य लोगों को अक्सर कम सजा और जुमार्ना भरना पड़ता है।

 

Author: Dainik Awantika