पत्नी की मौत के बाद वृद्ध ने उठाया खौफनाक कदम कैची से काटे 4 लाख के नोट, खुद पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

उज्जैन। पत्नी की हुई मौत के बाद वृद्ध तनाव में आ गया, उसने गुरूवार-शुक्रवार रात खौफनाक कदम उठाया। पहले घर में रखे 4 लाख के नोट कैची से काट दिये और क्षेत्र में उड़ा दिये। उसके बाद अंधेरे में नानाखेड़ा तक पहुंचा, जहां खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। वृद्ध को गंभीर हालत में इंदौर एमव्हायएच अस्पताल रैफर किया गया। जहां उसकी मौत हो गई। मामला खंडेलवाल नगर आगररोड और नानाखेड़ा चौराहा से जुड़ा होना सामने आया है। रात 3.30 बजे के लगभग समुद्र मंथन चौराहा पर एक वृद्ध को लोगों ने आग की लपटो से घिरा देखा, उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली थी। खबर मिलने पर नानाखेड़ा थाना पुलिस पहुंची और झुलसे वृद्ध को बचाने का प्रयास करते हुए जिला अस्पताल तक पहुंचाया। वृद्ध के पास से पेट्रोल की दुर्गंध आ रही थी। उससे परिजनों और निवास का पता पूछा गया। बमुश्किल उसने खंडेलवाल नगर का पता बताया। वह 80 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका था। उसे डॉक्टरों ने इंदौर एमव्हायएच के लिये रैफर कर दिया। नानाखेड़ा थाना पुलिस घटना से पुलिस कंट्रोलरूम को अवगत कराया। चिमनगंज थाना पुलिस को पाइंट मिला तो वृद्ध के घर खंडेलवाल नगर पहुंची। क्षेत्र में कटे नोट बिखरे पड़े थे, नालियों में नोट दिखाई दे रहे थे। वृद्ध के घर पर ताला लगा था, पूछताछ करने पर पता चला कि वृद्ध सुरेशचंद्र रावल 60 वर्ष है, जो रात से लापता है। पुलिस ने खिड़की से घर में झांका तो 500, 200, 100, 20 के नोट कैची से कटे दिखाई दिये। क्षेत्रवासियों ने बताया कि 8-10 दिन पहले सुरेशचंद्र की पत्नी की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसके बाद से वह तनाव में थे। दोनों पति-पत्नी अकेले रहते थे। उनकी कोई संतान नहीं थी। एक भाई शाजापुर और दूसरा इंदौर में रहता था। पुलिस भी घटनाक्रम सामने आने पर हैरान हो गई। लोगों को नोट कटे पड़े होने की खबर लगी तो कुछ लोग नोट उठाकर ले गये। कुछ घंटे बाद आई मौत की खबर नानाखेड़ा टीआई नरेन्द्र यादव ने बताया कि इंदौर रैफर किये गये वृद्ध की हालत काफी गंभीर थी। कुछ घंटे बाद ही इंदौर से खबर आई कि सुरेशचंद्र रावल की मौत हो गई। एमव्हायएच चौकी पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया गया है। टीआई यादव के अनुसार मर्ग डायरी आने पर आगे की जांच की जाएगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि वृद्ध ने खौफनाक कदम क्यों उठाया था, फिलहाल माना जा रहा है कि पत्नी की मौत के बाद तनाव में आकर घटना की गई है।