पड़ोसी युवक ने महिला से दुष्कर्म कर बनाया वीडियो

उज्जैन। घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म करने उसका अश्लील वीडियो बनाकर वाट्सएप गु्रप पर भेजने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पंवासा थाना क्षेत्र के जीवनपुरखेड़ा में रहने वाली 30 वर्षीय महिला 9 जनवरी की रात घर पर अकेली थी। पति काम से बाहर गया था, उसी दौरान पास में रहने वाला भारत पिता इंदूलाल मालवीय महिला के घर में घुस गया और डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया और किसी को बताने पर वायरल करने की धमकी दी। महिला ने अपने साथ हुई घटना परिजनों को बताई तो भारत ने वीडियो वाट्सएप ग्रुप पर वायरल कर दिया। महिला की शिकायत पर पंवासा थाना पुलिस मामला दर्ज कर रविवार शाम दुष्कर्मी को हिरासत में लेकर उसके पास से मोबाइल जब्त करने के बाद सोमवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा है। पंवासा थाना प्रभारी गजेन्द्र पचौरिया के अनुसार महिला ने वीडियो बनाने का विरोध भी किया था, जो वीडियों में दिख रहा है। वहीं आरोपी की धमकाते हुए आवाज सुनाई दे रही है।

Author: Dainik Awantika