एक सप्ताह में तेल में 7 रूपए की तेजी,तुअर दाल 180 हुई

– बाजार में चुनाव बाद बढने वाली महंगाई ने रंग दिखाना शुरू किया

 

उज्जैन। चुनाव बाद बढने वाली महंगाई ने बाजार में रंग दिखाना शुरू कर दिया है। पिछले सात दिन में सोयाबीन तेल ने 7रूपए किलो की तेजी पकड ली है। तुअर दाल भी 180 रूपए किलो पर आ बैठी है। चना दाल 85-88रूपए किलो के दाम बाजार में हो गए हैं। कयास है कि यह तेजी अभी जारी रहने वाली है । इधर पैकेट बंद आइटम में भी वजन वही है तो रेट बढाए जा रहे हैं और रेट वहीं है तो वजन में कमी की जा रही है। कुल जमा महंगाई की मार पढना शुरू हो गई है।

महंगाई की मार से गरीब बीमार है उपचार नहीं मिल रहा है। गरीब की थाली में तेल से सब्जी बन जाए तो वो अब दाल नहीं खा सकता है और अगर दाल बन जाए तो तेल की सब्जी उसके नसीब में नहीं है। कुल जमा वो सब्जी एवं दाल दोनों का स्वाद एक साथ नहीं ले सकता है। चुनाव परिणाम आने के साथ ही बाजार में सोयाबीन के तेल ने तेजी पकड ली है। पिछले 7 दिनों में 7 रूपए के लगभग दाम में प्रति किलो बढोतरी हुई है। पूर्व में तेल के भाव प्रति किलो खुला तेल 98 रूपए चल रहा था जो कि 105 रूपए प्रति किलो पर आ पहुंचा है। बाजार में आढतियों का कहना है कि तेल अभी और चढेगा । व्यवसायी सुभाष भाई का कहना था कि पिछले सात दिन में ही 7 रूपए किलो भाव में तेजी आई है। इससे पहले मार्च में इस तरह की तेजी पाम आईल नहीं आने से आई थी। वर्तमान में ब्राजील एवं अन्य देशों में उत्पादन की कमी और आयात घटने से आई बताई जा रही है।

किलो पर 7 पैक में 100रूपए तक-

तेल में आई तेजी की स्थिति यह है कि खूले सोयाबीन तेल पर प्रति किलो 7 रूपए की बढोतरी होकर यह 105 रूपए किलो बाजार में फूटकर में बिक रहा है। इसकी अपेक्षा 15 लीटर की पेक्ड केन में यह बढोतरी 70 रूपए से लेकर करीब 100 रूपए तक सामने आ रही  है। किलो एवं लीटर में करीब 100 मिली लीटर का अंतर बताया जाता है। तेल में तेजी के बरकरार रहने की संभावनाएं जताई जा रही है।

दाल में भी चढे दाम-

बाजार में 165-170 रूपए प्रति किलो चल रही तुअर की दाल में भी पिछले 10 दिनों में ही 10 रूपए की तेजी बनी है। हालिया स्थिति में बाजार में तुअर दाल 180 रूपए प्रतिकिलो के दाम में फुटकर बिक रही है। यही हाल चना दाल में भी सामने आ रहा है। चना दाल में पिछले 7 दिनों में ही करीब 5 से 8 रूपए किलो के भाव में तेजी आई है। उंची दाल 80 रूपए किलो से सीधे 85-88 रूपए किलो तक बाजार में बिक रही है।