महाकाल मंदिर में पुरोहित ने यजमान  से दान में दिलवा दी 5 व्हीलचेयर – दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों हेतु निशुल्क उपलब्ध रहेगी 

 
दैनिक अवंतिका उज्जैन। 
महाकाल मंदिर में व्हीलचेयर की कमी थी। इसे लेकर पूर्व में कई बार श्रद्धालुओं ने भी व्हीलचेयर की संख्या बढ़ाने की मांग रखी थी। इस बात को ध्यान में रखते हुए सेवा प्रकल्प के तहत महाकाल मंदिर के पुरोहित पंडित दीपक शर्मा ने अपने यजमान बीकानेर राजस्थान निवासी पवन कुमार जोशी से मंदिर में व्हीलचेयर दान करने का अनुरोध किया तो उन्होंने तुरंत ही इसे स्वीकार कर लिया।
जोशी ने उज्जैन आकर दर्शन-पूजन करने के साथ मंदिर समिति को 5 नग व्हीलचेयर दान में दी। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से मंदिर के सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल ने दानदाता से व्हीलचेयर प्राप्त कर उनका नंदीहॉल में सम्मान किया। ये व्हीलचेयर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा दिव्यंगों एवं वृद्ध जनों क़े दर्शन हेतु निशुल्क सुविधा व्यवस्था में उपयोग में ली जाएगी। मंदिर में दिव्यांग जनों एवं वृद्ध जनों के सुलभ दर्शन हेतु पूरे दर्शन मार्ग को व्हीलचेयर चलाने के अनुकूल ही बनाया गया है।