किशोरी पर घर के पीछे रहने वाले युवक ने किया था ब्लेड से हमला

दैनिक अवंतिका उज्जैन
उज्जैन। 16 वर्षीय किशोरी को बुधवार सुबह परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती किया था, उसके दोनों गाल पर गहरे जख्म के निशान थे। किशोरी की हालत में सुधार आने पर गुरूवार को पुलिस ने बयान दर्ज किये। मामले में किशोरी के घर के पीछे रहने वाले युवक की जानकारी सामने आने पर उसके खिलाफ पुलिस ने धारा 324, 354, 506 और पास्को एक्ट में प्रकरण दर्ज कर लिया।
जूना सोमवारिया में रहने वाली किशोरी को बुधवार सुबह जिला अस्पताल लाया गया तो उसका चेहरा बुरी तरह जख्मी था। डॉक्टरों ने दोनों गाल पर करीब 20 से अधिक टांके लगाये थे और उपचार के लिये भर्ती किया था। किशोरी के जख्मी होने का पता चलने पर जीवाजीगंज टीआई नरेन्द्र परिहार, एसआई चांदनी पाटीदार अस्पताल पहुंचे थे, लेकिन किशोरी बोल पाने की हालत में नहीं थी। परिजनों ने सिर्फ इतना बताया था कि जब सुबह नींद से जागी तो उसने चेहरे पर जलन होना बताया था, देखने गाल पर जख्म दिखाई दिये थे। टीआई परिहार ने बताया कि किशोरी की हालत में सुधार आने पर गुरूवार को उसके बयान दर्ज किये गये। इस दौरान सामने आया कि वह खिड़की में बैठी थी, उसी दौरान घर के पीछे रहने वाले राजू ने उस पर ब्लेड से वार कर दिया था। राजू 6 माह से उसे परेशान कर रहा था। उसने कक्षा 9 वीं की परीक्षा पास की है, इस साल वह 10 वीं का अध्ययन करेगी। टीआई का कहना था कि मामला प्रेम प्रंसग से जुड़ा होना प्रतित हो रहा है। किशोरी के बयान दर्ज कर प्रकरण दर्ज किया गया है। राजू की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।