चादर का फंदा बनाकर उत्तरप्रदेश के युवक ने लगाई फांसी

उज्जैन। कार शोरूम में पेंटरी का काम करने वाले उत्तरप्रदेश के युवक ने शनिवार-रविवार रात फांसी लगा ली। सुबह उसका शव चादर के फंदे से लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है। नागझिरी थाना एसआई करण खोवाल ने बताया कि उत्तरप्रदेश के उन्नाव का रहने वाला अनवर पिता मुंशी अहमद 30 वर्ष डेढ़ साल पहले उज्जैन आया था। उसने किराये से आरके होम्स में मकान लिया था। वह प्रिंस हुण्डाई शोरूम पर कार पेंटरी का काम करता था। रात में उसका साथी घर पहुंचा तो अनवर फंदे पर लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम के दौरान सामने आया कि वह 2 दिन से काम पर नहीं आया था। उसका सालभर पहले अयोध्या में रहने वाली सुरैय्या बानो से निकाह हुआ था। एक माह पहले पत्नी उसे छोड़कर मायके चली गई थी। उसके बाद से अनवर तनाव में था। संभवत: उसने पत्नी वियोग में फांसी लगाई है। एसआई खोवाल के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद शव उत्तरप्रदेश से आये परिजनों को सौंपा गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इधर नाबालिग फंदे पर लटकी मिली घट्टिया तहसील के ग्राम पानबिहार में शनिवार देर शाम 17 वर्षीय पायल पिता मदन सोलंकी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय परिवार खेत पर गया था। देर शाम मां धापूबाई घर लौटी तो पायल को दुपट्टे के पंखे से फंदे पर लटका देखा। आसपास के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और जिला अस्पताल लाये। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर शव पोस्टमार्टम कक्ष में रखवा दिया। रविवार को अस्पताल पुलिस चौकी ने पोस्टमार्टम कराया। बताया जा रहा था कि पायल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। वह पढ़ाई छोड़ चुकी थी और घर पर ही रहती थी। जांच के बाद ही फांसी लगाने का कारण सामने आ पायेगा।