पहले उद्यान की वाल पेंटिंग फिर बना दिया कचरा ठिया

-उल्टे उस्तरे से दाढी बनाने में माहिर हुआ नगर निगम

-नगर निगम के कार्य का उदाहरण- ऐसे बनेगा उज्जैन सफाई में नंबर वन

उज्जैन। नगर निगम उज्जैन उल्टे उस्तरे से दाढी बनाने में माहिर हो गया है। पिछले दो दशक में ऐसे कई काम किए गए हैं जो इस बात को साबित कर रहे हैं। आगर रोड निर्माण इसका सबसे बडा उदाहरण रहा है और हालिया स्थिति में वार्ड 9 का संत रविदास उद्यान है। यहां पहले नगर निगम ने उद्यान की वाल पेंटिंग करवाई और अब उसके सहारे कचरे का ठिया लगा दिया है। क्षेत्रीय रहवासी भी इसमें हाथ धोने से बाज नहीं आ रहे हैं।

उज्जैन नगर निगम स्वच्छता अभियान में नंबर 1 रेंक के लिए करोडों रूपए पानी की तरह बहा रहा है। दिन रात सडकों की धूल साफ करने की गाडी में डीजल जलाया जा रहा है। शहरवासियों के टेक्स को जमकर पानी में बहाया जा रहा है। नगर निगम के झोन -1अंतर्गत वार्ड 9 है। इस वार्ड में संत रविदास उद्यान का विकास किया गया है। इस विकास के साथ ही विनाश और उल्टे उस्तरे से दाढी बनाने के काम को भी अंजाम दिया जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए तो यही कहा जा सकता है कि नगर निगम आम शहरी की आंखों में धूल ही झोंक रहा है।

ये है उद्यान के हाल-

नगर निगम ने वार्ड-9 के संत रविदास उद्यान की दीवार का निर्माण करवाया और उस पर वाल पेंटिंग करने के लिए लाखों रूपए खर्च किए हैं। वार्ड 9 शहर के पिछडे वार्डों में शामिल है। इस दीवार पेंटिंग के साथ ही नगर निगम ने नजर अंदाजी का काम भी किया। दीवार के सहारे ही अच्छी खासी वाल पेंटिंग के पास ही नगर निगम के कर्मचारियों ने कचरा इक्कठा करना शुरू कर दिया। इस कचरे को बाद में उठाया जाना चाहिए , शुरूआत में तो यही स्थिति थी लेकिन ऐसा न होकर यहां सीधे अघोषित कचरा ठिया ही बना दिया गया है। पिछले काफी समय से यहां ऐसी ही स्थिति बन गई है।

लाखों के काम पर गंदगी-

नगर निगम ने उद्यान की दीवार पर लाखों रूपए से पेंटिंग करवाई थी। कचरा और गंदगी फेंकने वालों ने दीवार को भी नहीं बख्शा और उसे भी गंदगी से रंग दिया। अघोषित ठिए के पीछे दीवार पर गंदगी के निशान साफ बयां कर रहे हैं कि क्षेत्र के सफाई के जिम्मेदारों ने कितनी जिम्मेदारी निभाई हैं।

रहवासी भी हो गए शुरू-

नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने दीवार के सहारे कचरे और गंदगी को इकटठा करना शुरू किया तो क्षेत्रीय रहवासियों ने इसे कचरे का ठिया ही बनाकर रख दिया है। अब स्थिति यह हो गई है कि अच्छे खासे उद्यान में इस अघोषित कचरा ठिया की सडांध उडती है और इसमें आने वाले उससे ग्रसित होकर दुसरी बार नहीं आते। उद्यान पर क्षेत्रीय स्तर पर एकाधिकार होता जा रहा है।

जानकारी में आते ही हटाया, अब चालान बनाएंगे-

झोन -1 वार्ड 9 के स्वास्थ्य निरीक्षक  हरिश व्यास बताते हैं कि कचरे के इस स्थल की जानकारी सामने आते ही तत्काल ही सफाई करवाई गई है। ठिया कभी नहीं बनाया वहां सिर्फ एक डस्टबीन रखा था जिसे भी हटा दिया गया है। क्षेत्रीय रहवासियों को भी अवगत करवा दिया है कि कचरा फेंकते देखे जाने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में अब तक सफाई को लेकर कितने चालान बनाए गए हैं उसकी जानकारी देखना पडेगी।