राजाभाउ स्टेडियम में वर्षा के बावजूद योग का उत्साह बरकरार रहा

-” स्वयं एवं समाज के लिए योग “की थीम पर हुआ दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन

 

 

उज्जैन।जिले में दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन राजाभाऊ महाकाल स्टेडियम दशहरा मैदान उज्जैन में किया गया। जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक-पुलिस अधिकारियों के साथ इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों युवाओं और वृद्धजनों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दसवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस ” स्वयं एवं समाज के लिए योग”की थीम पर आयोजित किया गया। बारिश के बावजूद यहां योग के प्रति सभी का उत्साह बरकरार रहा।

योग दिवस के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव का वर्चुअल संदेश उपस्थितजनों ने सुना। दशहरा मैदान पर प्रात: 6 बजे से आयुष विभाग भारत सरकार के प्रोटोकॉल अनुसार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। योगाभ्यास के दौरान उपस्थित जन-समुदाय ने सर्वप्रथम प्रार्थना, शिथिलीकरण अभ्यास, योगासन, कपालभाति, प्राणायाम, ध्यान आदि किया।

ये थे आयोजन के सूत्रधार-

जैसा कि सर्वविदित है कि योग जीवन के सभी पहलुओं के बीच संतुलन बनाने के साथ स्वास्थ्य के कल्याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण प्रदान करता है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का यह संयुक्त कार्यक्रम जिला प्रशासन, आयुष विभाग, शिक्षा विभाग के साथ अन्य शासकीय विभाग, स्वैच्छिक संगठन के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

योग से काया स्वस्थ मन प्रफुल्लित – श्री कालूहेडा

 

कार्यक्रम के प्रारम्भ में विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने उपस्थित जन-समुदाय को सम्बोधित करते हुए कहा कि योग दिवस के अवसर पर इंद्रदेव ने कृपा की। योग करने से प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ एवं तंदुरूस्‍त रहता है, इसलिये हर एक व्यक्ति को योग करना चाहिये। योग से काया स्वस्थ एवं मन प्रफुल्लित रहता है। योग भगाये रोग, योग से शारीरिक दक्षता होती है।

जिले में कई स्थानों पर आयोजन-

योग-ध्यान, एकात्म् अभियान को जन-जन का अभियान बनाने हेतु सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में कार्य किया गया। जिसके फलस्वतरूप आज अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रशासनिक अधिकारी/कर्मचारियों के साथ-साथ आमजन की भागीदारी भी योग सत्र में दिखाई दी। योगाभ्यार्थियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर योग किया।

विशेष रूप से इनकी उपस्थिति रही-

दसवां अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, संजय अग्रवाल, संभागायुक्त संजय गुप्ता, पुलिस महानिरीक्षक संतोष कुमार सिंह, डीआईजी नवनीत सिंह, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, जिला आयुष अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी आदि उपस्थित थे।

193 देशों की सर्वसम्मति से 21 जून तय हुआ-

11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद संयुक्त राष्ट्र के सभी 193 सदस्य देशों ने सर्वसम्मति से 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने पर सहमति व्यक्त की। जिसके बाद 21 जून 2015 को पहला अंतर्राट्रीय योग दिवस योग दिवस मनाया गया। तब से प्रति वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान-

शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्तशासी संस्था महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान एवं महर्षि सान्दीपनि राष्ट्रीय वेद संस्कृत शिक्षा बोर्ड, उज्जैन परिसर में आज अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, अध्यापकों एवं वैदिक छात्रों के साथ आस-पास के ग्रामीण नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। योग कार्यक्रम का कुशल संचालन राष्ट्रीय आदर्श वेद विद्यालय के योग अध्यापक अभिजित राजपूत ने किया।इस अवसर पर प्रतिष्ठान के सचिव प्रो. विरूपाक्ष वि. जड्डीपाल ने कहा कि योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ्य रहते हुए अपना तथा राष्ट्र का कल्याण करने में समर्थ हो सकते हैं, जिसे आज सम्पूर्ण संसार मानने लगा है। भारतीय ज्ञान परम्परा में योग एक ऐसा साधन है जो मानवीय चेतना को व्यष्टी से समष्टी तक का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने योग दिवस पर सम्पूर्ण राष्ट्र तथा विश्व में “योग: कर्मषु कौशलम्” भावना जागृत करने की कामना की।