12 बजकर 28 मिनट पर गायब हुई परछाई 13 घंटे 34 मिनट का रहा दिन, 10 घंटे 26 मिनट में गुजरेगी रात खगोलीय घटना: दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर शून्य हुई परछाई

दैनिक अवन्तिका\ब्रह्मास्त्र उज्जैन
उज्जैन। शुक्रवार को खगोलीय घटना का दिन रहा। दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर परछाई गायब हो गई। दिन वर्ष का सबसे बड़ा 13 घंटे 34 मिनट का गुजरा। वही रात सबसे छोटी 10.26 घंटे की गुजरने की शुरूआत हो गई थी।
जीवाजीराव वेधशाला अधीक्षक डॉ. राजेन्द्र कुमार गुप्त ने बताया कि शुक्रवार को सूर्य उत्तरी गोलार्द्ध में कर्करेखा पर लम्बवत हुआ था। कर्क रेखा की स्थिति 23 अंश 26 कला 22 विकला उत्तरी अक्षांश पर रही। सूर्य की क्रांति 23 अंश 26 कला 17 विकला उत्तरा रही। उज्जैन कर्करेखा के नजदीक होने पर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट पर कुछ समय के लिये परछाई शून्य हो गई थी। इस खगोलीय घटना को देखने के लिये विज्ञान में जिज्ञासा रखने वाले कई लोग वेधशाला पहुंचे थे। जिन्हे शंकु यंत्र के माध्यम से शून्य हुई परछाई को दिखाया गया। इस दिन को शून्य छाया दिवस के नाम से जाना जाता है। शुक्रवार को सूर्य अपने अधिकतम उत्तरी बिंदू कर्करेखा पर होने कारण उत्तरी गोलार्द्ध में दिन सबसे बड़ा रहा। सुबह सूर्योदय 5.42 पर हुआ था, जो 13 घंटे 34 मिनट बाद शाम को 7.16 पर अस्त हुआ। शुक्रवार-शनिवार रात वर्ष की सबसे छोटी 10 घंटे 26 मिनट की गुजरेगी। शनिवार से सूर्य की गति दक्षिण की ओर हो जाएगी। जिसे दक्षिणायन का प्रारंभ कहते है। अब दिन छोटे और रात बढ़ने होने का क्रम शुरू होगा। मौसम में भी ठंडक आने लगेगी। 23 सितबंर को फिर से खगोलीय घटनाक्रम दिखाई देगा और दिन-रात की अवधि बराबर होगी।
तापमान में आई 4.5 डिग्री की गिरावट
शुक्रवार को मानसून की दस्तक का नजारा भी दिखाई दिया। सुबह-सुबह तेज बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल दिया था। आसमान में बादलों की आवाजाही दिनभर बनी रही। सुबह हुई बारिश वेधशाला पर 12 मिलीमीटर दर्ज की गई। बादलों ने सूर्य को अपनी आगोश में ले लिया था। दिनभर लुकाछुपी का खेल चलता रहा। शाम ढलने से पहले शाम 4 बजे बाद फिर से तेज बारिश हुई करीब 15 मिनट में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सुबह-शाम हुई बारिश और दिनभर बादलों के बीच 8 से 10 किमी. प्रतिघंटे से चली ठंडी हवा की वजह से तापमान में 4.5 डिग्री की कमी आ गई थी। वेधशाला पर अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। गुरूवार-शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान भी 1.5 डिग्री कम होकर 25 डिग्री पर आ गया था। अब तक पड़ रही भीषण गर्मी से राहत मिल गई थी, लेकिन दिन में उमस का माहौल बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार कुछ दिन तक रूक-रूककर मानसून के बरसने के आसार दिखाई दे रहे है। जिससे तापमान में कमी आ सकती है।