इंदौर, उज्जैन, भोपाल सहित प्रदेश में अगले दो दिन में भारी बारिश का अलर्ट, आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत

दैनिक अवन्तिका भोपाल

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में इन्दौर, भोपाल, उज्जैन सहित पूरे प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने 7 दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना भी जताई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 7 दिनों में मानसून पूरे प्रदेश पर छा सकता है और तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत महसूस होगी।

कल इंदौर व आसपास अच्छी बारिश
24 जून को भी भोपाल में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इंदौर और आसपास के अंचल में अच्छी बारिश होगी। तापमान का गिरावट आएगी। हल्की उमस महसूस हो सकती है।

आज इंदौर-उज्जैन में धूल भरी आंधी!
भोपाल में 23 जून को बादल छाए रह सकते हैं। मध्यम बारिश हो सकती है। इंदौर व उज्जैन अंचल में धूल भरी आंधी चल सकती है और बारिश हो सकती है।

आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत
सतना जिले में अलग-अलग स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने से 4 की मौत हो गई। पहली घटना कोलगवां थाना क्षेत्र के कृष्ण नगर की है। यहां धवारी निवासी एक मजदूर अंबुज कोल की मौत हो गई। वह एक मकान में पुताई का काम कर रहा था। वहीं, मझगवां थाना क्षेत्र में के गौहानी में बिछियन निवासी कुसुमा सिंह की मौत हो गई। वह बेटी की ससुराल गौहानी आई हुई थी। इसी तरह हिरौंदी निवासी चंपा सिंह पति दादू भाई सिंह (60) और प्रमोद सिंह (42) की भी मौत आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हो गई। घटना में 5 अन्य लोग बुरी तरह झुलस भी गए हैं। उन्हें मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है।

Author: Dainik Awantika