मोगरे की कलियों से सजा गढ़कालिका का दरबार, 1100 किलो आम का भोग

दैनिक अवंतिका उज्जैन। उज्जैन के प्रसिद्ध मां गढ़कालिका मंदिर में शनिवार को मोगरे की कलियों से दरबार सजाया गया। वहीं मां को 1100 किलो आम का महाभोग लगाया गया। 
मंदिर की शासकीय पुजारी महंत करिश्मा नाथ ने बताया गर्मी में ठंडक के लिए उज्जैन के प्राचीन मंदिरों में मोगरा उत्सव मनाने व मौसमी ठंडे फलों का भोग लगाने की परंपरा चली आ रही है। इसके अंतर्गत ही मां गढ़कालिका के दरबार में भी पुजारी परिवार ने मोगरा महोत्सव का आयोजन किया जिसमें मंदिर के अंदर गर्भगृह से लेकर बाहर परिसर तक मोगरे की कलियों से सजावट की गई। पूरा मंदिर परिसर मोगरे से महक उठा। भोग के लिए कई तरह के आम मंगवाए गए थे जो श्रद्धालुओं को प्रसाद स्वरूप वितरित किए।