दैनिक अवंतिका उज्जैन। उज्जैन के देवासगेट बस स्टैंड का पुनर्निर्माण कर इसे हाइटेक बनाया जाएगा। सिंहस्थ 2028 को देखते हुए अब स्मार्ट सिटी इसकी डिजाइन तैयार कर रही है। सिंहस्थ में देश व दुनियाभर से करोड़ों लोग उज्जैन में उमड़ेंगे। 

शासन-प्रशासन द्वारा बस व रेलवे स्टेशन के डेवलपमेंट पर ही सबसे ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। क्योंकि आवागमन व यात्रियों के ठहरने की सुविधा ही सबसे महत्वपूर्ण रहेगी। क्योंकि उज्जैन में देवास गेट बस स्टैंड शहर के बीचोबीच में स्थित है। इसके एक तरफ पुराना शहर तो दूसरी तरफ नया शहर बसा है। ऐसे में इसके विस्तार की सबसे ज्यादा जरूरत है। बस स्टैंड के लिए स्मार्ट सिटी के इंजीनियर डिजाइन तैयार कर रहे हैं। बड़े शहरों की तर्ज पर इसे डवलप किया जाएगा और हाईटेक भी बनाएंगे। 

50 से 100 करोड़ तक खर्च हो सकते 

हैं, वर्तमान में जर्जर हो रहा पूरा स्टैंड

स्मार्ट सिटी के अफसरों की माने तो अनुमानित यहां 50 से 100 करोड़ के बीच रुपए खर्च किए जा सकते हैं। जल्द ही इसका पूरा प्रोजेक्ट बनाकर शासन-प्रशासन के समक्ष रखेंंगे। आपको बता दे कि वर्तमान में उज्जैन के देवास गेट बस स्टैंड की हालत पूरी तरह से जर्जर हो रही है और यहां किसी प्रकार की सुविधा भी नहीं है। 

आने वाले समय में देवास गेट स्टैंड 

पर यात्रियों को ये सुविधाएं मिलेगी

– खान-पान, स्नानघर, शौचालय, आरामगृह, ठहरने, स्वास्थ्य लाभ, सुरक्षा कंट्रोल रूम व पूछताछ सेंटर  बस स्टैंड के अंदर ही रहेगा। 

– सभी तरह के व्हीकल की उपलब्धता के प्रयास किए जाएंगे।  

– बस स्टैंड से यात्रियों को मैजिक, कार, ऑटो रिक्शा व ई-रिक्शा उपलब्ध होंगे। 

– नए निर्माण में यह 3 से 4 मंजिला तक रह सकता है। 

– बस स्टैंड पहुंचते ही यात्री को धार्मिक-पर्यटन की पूरी जानकारी भी मिलेगी। 

– शहर में प्रमुख जगहों पर जाने के लिए मैप भी यहां लगाए जाएंगे।