इंदौर में आज भी बारिश के आसार, रात को भी बरसे बादल, घुली ठंडक, गर्मी से राहत

 

इंदौर। शहर और आस-पास के इलाके प्री-मानसून की बारिश से तरबतर हो गए। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक रविवार को शहर के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना और 40 से 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवा भी चलेगी।

शनिवार रात हुई बारिश

इंदौर में शनिवार सुबह गर्मी के कारण शहरवासी परेशान रहे। हालांकि दोपहर बाद बादल भी छा गए थे। शहर में रात 9.30 बजे बाद अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई। इससे शहवासियों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
बीती रात 11.30 बजे तक एयरपोर्ट स्थित वेदर स्टेशन पर 2.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं रीगल क्षेत्र में 4.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। शनिवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.8 डिग्री दर्ज किया गया।
वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.7 डिग्री दर्ज किया गया। रात में हवा अधिकतम 18 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चली।

मानसून के साथ 6 मौसम प्रणालियां सक्रिय

मध्य प्रदेश में 6 मौसम प्रणालियां सक्रिय होने के साथ कुछ हिस्सों में मानसून भी सक्रिय हो गया है। इसी के कारण प्रदेश में रुक-रुककर बारिश का दौर चल रहा है।

शनिवार को सबसे ज्यादा बारिश हुई धार में

मध्य प्रदेश में शनिवार को सबसे ज्यादा 27 मिलीमीटर बारिश धार में दर्ज हुई, इसके बाद सिवनी में 12 मिमी, सतना और मलाजखंड में 7 मिमी, 6 मिमी बारिश नौगांव में, उमरिया और सीधी में 5 मिमी, सागर में चार मिमी बारिश दर्ज की गई है। शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा 42 डिग्री डिग्री सेल्सियस तापमान शिवपुरी में रहा।