भिवाड़ी की दवा फैक्ट्री में विस्फोट – 4 लोग जिंदा जले, मलबे में मिले शव, 12 की हालत गंभीर

एजेंसी भिवाड़ी

राजस्थान के भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) के औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम दवा और केमिकल बनाने वाली फैक्ट्री में धमाका हुआ था। हादसे में चार कर्मचारी जिंदा जल गए थे।

इनके शव बुधवार को बरामद हुए। हादसे में 12 अन्य कर्मचारी झुलस गए थे। इनमें से एक की हालत गंभीर है। दमकल की 10 गाडि?ों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय फैक्ट्री में 50 से अधिक कर्मचारी थे। हादसा खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में वर्तिका केमिकल्स एंड फार्मास्युटिकल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में हुआ। मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे इस फैक्ट्री में धमाका हुआ। इसके बाद पूरी फैक्ट्री को आग ने घेर लिया। तिजारा डीएसपी शिवराज ने बताया- मिजार्पुर (यूपी) निवासी अजय (24) पुत्र जटा शंकर झुलसकर बेहोश हो गया था। उसे पीछे वाले दरवाजे से निकाल कर प्राइवेट हॉस्पिटल ले गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया था।

ग्राउंड फ्लोर पर 2 और फर्स्ट फ्लोर पर एक शव मिला
तीन कर्मचारी नहीं मिल रहे थे। उनकी खोज के लिए मंगलवार रात 12 बजे तक नाइट विजन लाइट्स और अन्य इक्विपमेंट के साथ फैक्ट्री में सर्च किया गया था। फिर भी सफलता नहीं मिली। बुधवार को दुबारा सुबह 8 बजे से सर्च आॅपरेशन चलाया गया। ग्राउंड फ्लोर पर पड़े मलबे को हटाया तो इसमें दो शव मिले। इनकी पहचान यूपी निवासी विकास (24) पुत्र अभयराज और अमेठी (यूपी) निवासी विशाल (22) पुत्र राजकुमार सिंह के तौर पर हुई है। इसके बाद फैक्ट्री के फर्स्ट फ्लोर पर सर्च शुरू किया गया। यहां जम्मू-कश्मीर निवासी राजकुमार (34) पुत्र बंशी लाल का शव मिला। फैक्ट्री के कर्मचारी दुर्गा पांडे ने बताया- मैं शाम को काम में व्यस्त था। अचानक हुए धमाके से पूरा इलाका दहल उठा। देखते ही देखते मैं चारों तरफ से आग में घिर गया। बचने के लिए बाहर की तरफ भागा, फिर भी मैं झुलस गया। मेरे सिर में भी चोट लगी है।