इंदौर में फ्लैट दिलाने के नाम पर रतलाम के डाॅक्टरों से 60 लाख की धोखाधड़ी

 

मुख्य आरोपी फरार, तीन साथी इंदौर से गिरफ्तार

रतलाम। डाॅक्टरों से इंदौर में फ्लैट दिलाने के नाम पर की गई करीब 60 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। स्टेशन रोड पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी के तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार अविनाश राव निवासी स्थानीय जावरा फाटक क्षेत्र हालमुकाम अखंड नगर साठ फीट रोड इंदौर मुख्‍य आरोपी है।
इसके तीन साथियों यश जोशी, राहुल त्रिपाठी व यश प्रजापत तीनों निवासी इंदौर को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. प्रमोद प्रजापति व उनके दोस्तों डाॅ. गौरव बोरीवाल, सुनील पांचाल, डाॅ. सीपी जोशी, धर्मेंद्र चौहान, विवेक जैन, तरूण कसेरा, विनय पासवान आदि ने पुलिस में आरोपी अविनाश राव के खिलाफ फ्लैट दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाने व धोखाधड़ी करने की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस ने मामले में 17 मई 2024 को अविनाश राव के खिलाफ प्रकरण दर्ज 20 जून को गिरफ्तार कर 21 जून को न्यायालय में पेश किया था।
न्यायालय ने उसे 28 जून तक पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। पुलिस के अनुसार जांच में पता चला कि आरोपियों ने करीब 25 लाख रुपये दिल्ली की बीयर-बारों में खर्च कर दिए थे।
डाॅक्टरों से लिया गया रुपया मुख्‍य आरोपी अपने साथियों यश जोशी, राहुल त्रिपाठी व यश प्रजापत निवासी इंदौर के खातों में ट्रांसफर करता था।
वे तीनों उसके अनुसार दूसरों के खातों में रुपया भेजते थे। इसके बदले अविनाश उनका सारा खर्च उठाता था। यश जोशी व राहुल त्रिपाठी इंदौर निवासी हैं। वे अविनाश का वाहन चलाने का काम करते थे।
यश प्रजापत भी इंदौर का रहने वाला है। वह अविनाश के ऑफिस का काम देखता था। जांच अधिकारी एसआई प्रेमसिंह हटिला ने बताया कि आरोपी; यश जोशी, राहुल त्रिपाठी व यश प्रजापत से पूछताछ के बाद तीनों को न्यायालय में पेश किया था, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।