पाकिस्तान में भीषण गर्मी से मचा तांडव- 36 लोगों की मौत, सौ से ज्यादा गंभीर, अलर्ट पर अस्पताल

ब्रह्मास्त्र. कराची।

 

पाकिस्तान के कराची में इस वक्त बहुत ज्यादा गर्मी पड़ रही है। स्थानीय लोग पिछले दो दिनों से लू से जूझ रहे हैं। इसके साथ ही गर्मी से मरने वाले लोगों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। बीते तीन दिनों में भीषण गर्मी में कम से कम 36 लोगों की मौत की खबर है। कराची शहर में अज्ञात शव मिल रहे हैं। शवों के मिलने की संख्या बढ़कर अब 36 हो गई है। इससे अधिकारी बहुत ज्यादा चिंतित हो गए हैं।
दरअसल न तो किसी ने शवों का दावा किया है और न ही इन अज्ञात मौतों के लिए कोई कारण बताया गया है। सिंध प्रांत की सरकार ने अज्ञात शवों की बरामदगी के बाद कराची में कम से कम 77 हीट वेव राहत केंद्र बनाए हैं। बीते तीन दिनों में भीषण गर्मी में कम से कम 36 लोगों की मौत की खबर है।

 

रविवार को 10, सोमवार को 15 और मंगलवार को 11 शव मिलने से स्थानीय प्रशासन स्तब्ध रह गया। ये शव कल्याणकारी संगठनों ने खोजे। संगठनों की एंबुलेंस ने ही शवों को अस्पताल पहुंचाया। ईधी फाउंडेशन के एक प्रतिनिधि के अनुसार, ज्यादातर शव उन लोगों के थे जो नशे में थे। गर्मी के साथ नशे का जुड?ा घातक हो जाता है। ईधी फाउंडेशन के प्रतिनिधि अजीम खान ने कहा, कई मृतक कथित तौर पर मौत के समय नशे में थे। यह तेज गर्मी और नशीले पदार्थों के सेवन का एक घातक संयोजन (जोड़ना) है। कराची के विभिन्न हिस्सों से शव बरामद करने वाले एक अन्य कल्याणकारी संगठन ने पुष्टि की कि मृतकों में से कुछ लोग नशे के आदी थे। छीपा वेलफेयर एसोसिएशन के एक स्वयंसेवक ने बताया, मृतकों में से तीन नशे की लत के शिकार लगते हैं। मृतकों में से ज्यादातर की पहचान को लेकर चिंता बनी हुई है। परिवार का कोई भी सदस्य शव लेने नहीं आया है, न ही उनकी पहचान अभी तक हो पाई है।