12 घंटे में चार मार्गो पर हुई सड़क दुर्घटना महिला पर चढ़ा डंपर का पहिया, नाबालिग को वाहन ने कुचला

उज्जैन। शहर के चार मार्गो पर बुधवार रात से गुरूवार सुबह 12 घंटे के बीच हुई सड़क दुर्घटना में 4 लोगों की जान चली गई। 3 घायल हुए है। दुर्घटना में शामिल 2 वाहनों को जप्त किया गया है। एक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। सड़क दुर्घटना का पहला मामला बुधवार रात 11 बजे इंदौररोड पर हुआ। इंदौर के कंपेल क्षेत्र में रहने वाला सूरज पिता सजनसिंह 15 वर्ष बंटी पिता मानसिंह 28 वर्ष के साथ बाइक से उज्जैन की ओर आ रहा था। पंथपिपलाई के पास तेजगति से आये अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सूरज की मौके पर मौत हो गई। बंटी गंभीर घायल हुआ है। जिसे जिला अस्पताल से रात में ही इंदौर रैफर कर दिया गया था। गुरूवार सुबह सूरज के परिजनों की मौजूदगी में नानाखेड़ा पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू की है। मक्सीरोड पर हुई दूसरी दुर्घटना दूसरी दुर्घटना का मामला बुधवार रात मक्सीरोड के ग्राम जम्बुरा और हरसोदन के बीच हुआ। नरवर थाना क्षेत्र के ग्राम करछली में रहने वाला अमर पिता रंजीतसिंह 48 वर्ष साथी सौजानसिंह के साथ बाइक से गमी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। जहां से वापास लौटते समय बाइक अनियंत्रित होने पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अमरसिंह की मौत हो गई, सौजान घायल हुआ है। मामले में पंवासा पुलिस जांच कर रही है। कानीपुरा में क्लीनर पर चढ़ा कंटेनर तराना-कानीपुरा मार्ग पर गुरूवार तड़के 4.30 बजे हादसा होना सामने आया। कायथा के ग्राम गौंसा जागीर में रहने वाला मुन्नालाल पिता मांगीलाल 65 वर्ष कानीपुरा में बने शराब गोदाम परिसर में सो रहा था। उसी दौरान गोदाम पर शराब से भरा कंटेनर आया और मुन्नालाल पर चढ़ गया। दबने से मुन्नालाल की दर्दनाक मौत हो गई। घटनाक्रम होते ही कंटेनर का चालक मौके से भाग निकला। शराब गोदाम के कर्मचारियों ने चिमनगंज थाना पुलिस को सूचना दी। प्रधान आरक्षक मनोज कटारिया ने बताया कि कंटेनर के नीचे दबा वृद्ध भी शराब से भरी गाड़ी लेकर गोदाम आया था। रात में वह नींद आने पर परिसर गेट के समीप सो गया था। मौके से कंटनेर को जप्त किया गया है। देवासरोड पर डंपर बना यमदूत गुरूवार सुबह 11.30 बजे के लगभग डंपर यमदूत बनकर मोपेड सवार वृद्ध दंपत्ति पर चढ़ गया। पहिये की चपेट में आने पर पत्नी की मौत हो गई। पति गंभीर घायल हो गया था। दुर्घटना की खबर मिलने पर नागझिरी थाना एएसआई धर्मेन्द्र तोमर, द्वारिका प्रसाद ग्राम धतरावदा-करोंदिया दुर्घटनास्थल पहुंचे। इस दौरान सामने आया कि मृतक महिला चतरबाई पति किशनलाल 50 वर्ष निवासी पिंगलेश्वर की रहने वाली है। पति घायल है, जिसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। लोगों का कहना था कि डम्पर काफी तेजगति में दौड़ रहा था। मृतक महिला पर पहिया चढ़ने से शरीर बुरी तरह बिखर गया था। पुलिस ने अंगो को समेटकर जिला अस्पताल पहुंचाया। परिजनों के आने पर सामने आया कि दंपत्ति रिश्तेदारी में शामिल होने के लिये करोंदिया जा रहे थे। पुलिस ने डंपर को जप्त कर चालक को हिरासत में लिया है। जिसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का प्रकरण दर्ज किया गया है।