पेड़ों की कटाई के विरोध में एक बड़ा आंदोलन शुरू

इंदौर। जनहित पार्टी ने इंदौर में पेड़ों की कटाई के विरोध में एक बड़ा आंदोलन शुरू किया है। एमओजी लाइन, मल्हार आश्रम, और हुकुमचंद मिल क्षेत्रों में हजारों पेड़ काटने की योजना के खिलाफ जनहित पार्टी ने मोर्चा खोल रखा है। गुरुवार को पार्टी ने निगम मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। जनहित पार्टी के कार्यकर्ता रैली के रूप में निगम मुख्यालय पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

 

ज्ञापन के साथ ही, उन्होंने पेड़ों की जानकारी से जुड़ा पंचनामा भी सौंपा, जिसमें उन पेड़ों की स्थिति और उनकी संख्या का विवरण था जिन्हें काटने की योजना बनाई गई है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कार्यकर्ताओं ने निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और मांग की कि निगम के आय और व्यय का ब्यौरा पब्लिक डोमेन पर रखा जाए, ताकि जनता इसकी जानकारी प्राप्त कर सके और पारदर्शिता बनी रहे। जनहित पार्टी के अध्यक्ष अभय जैन ने कहा कि हमारे शहर का हरा-भरा पर्यावरण बचाने के लिए हम यह आंदोलन कर रहे हैं। पेड़ों की अंधाधुंध कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान हो सकता है, जिसे हम किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि मल्हार आश्रम का लैंड्यूज बदल कर पेड़ों को काटना सरासर गलत है। इसलिए यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान जमकर नारेबाजी के बीच निगम अधिकारियों को अपनी मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।