अमरनाथ के लिए तीर्थयात्रियों का पहला जत्था रवाना

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले 4603 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को सुबह हरी झंडी दिखाई। जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से तीर्थयात्रियों को 231 वाहनों में सीआरपीएफ की थ्री लेयर सिक्योरिटी के बीच रवाना किया। अमरनाथ यात्रा 29 जून से शुरू हो रही है जो 19 अगस्त (52 दिनों) तक चलेगी। सिन्हा ने तीर्थयात्रियों को सुरक्षा के लिए कामना भी की। उन्होंने कहा कि बाबा अमरनाथ जी का आशीर्वाद सभी के जीवन में शांति, खुशी और समृद्धि लाए। तीर्थयात्रियों का यह पहला जत्था जम्मू से कश्मीर के दो बेस कैंप उत्तरी कश्मीर के बालटाल और दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के लिए रवाना हुआ है।