100 से ज्यादा मकानों के अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर

दैनिक अवन्तिका महू

इंदौर के महू में पुलिस-प्रशासन की टीम ने सड़क में बाधा बन रहे मकानों के अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ढहा दिया। प्रशासन की ये कार्रवाई 1.5 किमी क्षेत्र में हुई। 100 से ज्यादा मकानों को तोड़ा गया। इस दौरान स्थानीय रहवासियों की अफसरों और पुलिस से झड़प भी हुई। वार्ड की पार्षद डॉ. सुवर्णा दुबे भी वहां पहुंचीं। उन्होंने प्रशासन से दो दिन की और मोहलत मांगी। लेकिन प्रशासन ने नहीं सुनी। महिला पुलिसकर्मियों से बहस के बाद पार्षद को हिरासत में ले लिया गया। पार्षद को हिरासत में लेने पर डॉक्टरों और पार्षद के समर्थकों ने थाने का घेराव कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) ने प्रशासन को कल प्रदर्शन की चेतावनी दी है। प्रशासन महूगांव नगर परिषद में धार नाका क्षेत्र से मकानों का अवैध निर्माण तोड़ने पहुंचा था।

डीएसपी बोले- डॉ. ने सरकारी काम में बाधा डाली

डीएसपी दिलीप चौधरी का कहना है कि पार्षद डॉ. सुवर्णा दुबे ने शासकीय कार्य में बांधा डालने का काम किया था। उनको हिरासत में ले लिया गया था। थाने लाकर पार्षद पर 151 की धारा की कार्रवाई की गई। इसके बाद उन्हें थाने से ही छोड़ दिया गया। प्रशासन अपनी कार्रवाई कर रहा है।
पार्षद बोलीं- जनता ने दो दिन की मोहलत मांगी थी

डॉ. सुवर्णा ने कहा कि विकास के लिए जो कार्य हो रहा था, उसके लिए जनता तैयार थी। लोग स्वेच्छा से अपने मकान तोड़ रहे थे। जनता दो दिन की मोहलत मांग रही थी। इसीलिए मैं वहां गई थी। पोकलेन से जो मकान तोड़े जा रहे थे वो ज्यादा तोड़ दिए गए। लोगों को इससे ज्यादा क्षति हो गई।

डॉक्टर्स एसोसिएशन ने दी कल प्रदर्शन की चेतावनी

आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) महू के प्रेसिडेंट सौरभ तिवारी ने कहा कि- पार्षद और जनप्रतिनिधि डॉ. सुवर्णा दुबे को इस तरह गिरफ्तार करना गलत है। पुलिस, प्रशासन और बाकी लोग जो रहवासियों को प्रताड़ना दे रहे थे, उसका विरोध करना पार्षद का काम है। कटअ( इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) महू ने कल इसके विरोध में प्रदर्शन की चेतावनी दी।

 

Author: Dainik Awantika