नल कनेक्शन के लिए गड्ढा खोदा बारिश का पानी भरा, बच्ची गिरी

दैनिक अवन्तिका इंदौर

लगातार हो रही घटनाओं के बाद भी निगम का अमला सबक नहीं ले रहा है। इनकी लापरवाही अब नागरिकों पर भारी पड़ने लगी है। ताजा मामला वार्ड एक के अंबार नगर का है। घटना 29 जून की बताई जा रही है जब एक बारिश के बाद एक बच्ची गड्ढे में गिर गई। यह गड्ढा पानी की पाइप लाइन डालने के लिए किया गया था। दरअसल यहां नर्मदा नल कनेक्शन का काम चल रहा था।

इंटर हाउस कनेक्शन के लिए गड्ढा किया गया। शाम 6 बजे तक काम चला। उसके बाद श्रमिक घर लौट गए। काम पूरा नहीं हुआ था। इसे अगले दिन पूरा करने का बोलकर वे चले गए। आसपास दो बैरिकेडिंग कर दी गई। उसी समय तेज बारिश शुरू हुई। करीब दो घंटे बाद यह घटना हुई। शुक्र है बच्ची को गंभीर चोट नहीं आई। रात आठ बजे पार्षद महेश चौधरी को घटना की जानकारी मिली तो जोनल अफसर से पूछा। अफसर ने काम के बाद लगाए गए दो बैरिकेड्स के फोटो भेज दिए। मौके पर गए तो एक बैरिकेड अगली गली में मिला। जोनल अधिकारी ने दावा किया कि शाम 6.30 बजे तक काम किया और आसपास बैरिकेडिंग लगा दी थी।

Author: Dainik Awantika