हाथरस भगदड़ : भोले बाबा के 6 सेवादार अरेस्ट, इनमें 2 महिलाएं

हाथरस सत्संग के आयोजक पर एक लाख रुपये का इनाम, वकील बोले- बाबा यूपी छोड़कर भागे नहीं

एजेंसी हाथरस

यूपी के हाथरस में हुई भगदड़ के तीसरे दिन पुलिस ने आज 6 लोगों की गिरफ्तारी की। आईजी रेंज अलीगढ़ शलभ माथुर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया- गिरफ्तार सभी 6 आरोपी आयोजन समिति के सदस्य हैं। इनमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मैनपुरी का राम लड़ैते यादव, शिकोहाबाद का उपेंद्र यादव, हाथरस का मेड सिंह, मंजू यादव, मुकेश कुमार और मंजू देवी शामिल हैं। इन लोगों की देख-रेख में ही सत्संग का आयोजन चल रहा था।
उधर, पुलिस ने मुख्य आयोजक देव प्रकाश मधुकर पर 1 लाख का इनाम घोषित किया है। वह अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है।
दूसरी ओर, भोले बाबा के वकील एपी सिंह घायलों से मिलने अलीगढ़ पहुंचे। उन्होंने कहा- बाबा के पास कोई आश्रम नहीं है। वह पेंशन से अपना गुजारा करते हैं। जब भी बाबा को जांच टीम बुलाएगी, वह आएंगे।
हादसे के 48 घंटे बाद भी पुलिस नारायण साकार हरि उर्फ भोले बाबा तक नहीं पहुंच सकी। पुलिस ने मैनपुरी, ग्वालियर, कानपुर और हाथरस समेत 8 ठिकानों पर छापा मारा है।

इधर, पुलिस ने एटा, हाथरस और मैनपुरी से 30 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। सभी भोले बाबा से जुड़े हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा- हादसे के लिए प्रशासन और प्रदेश सरकार जिम्मेदार है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी हाथरस आएंगे। वह अस्पताल में भर्ती और प्रभावित लोगों से बातचीत करेंगे।

बाबा को छोड़कर 22 आयोजकों पर एफआईआर
भोले बाबा को छोड़कर 22 आयोजकों पर एफआईआर हुई है। सिर्फ एक नामजद है, बाकी अज्ञात हैं। भोले बाबा हर महीने पहले मंगलवार को सत्संग करता है, जिसमें यूपी, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और पंजाब से लोग आते हैं। ऐसा ही आयोजन हाथरस में था, जिसमें करीब एक लाख से ज्यादा अनुयायी पहुंचे थे।

पसलियां टूटकर फेफड़े और कलेजे में घुसीं, सिर और गले की हड्डी टूटने से 15 की जान गई
हाथरस में सत्संग के बाद मची भगदड़ में अब तक 123 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 74 दम घुटने की वजह से मारे गए। भगदड़ में जो महिलाएं और बच्चे जमीन पर गिरे, वे बुरी तरह कुचल गए और फिर उठ नहीं पाए। 31 महिलाओं के शव ऐसे थे, जिनकी पसलियां टूटकर दिल और फेफड़े में घुस गईं थीं। वहीं, 15 लोगों के सिर और गर्दन की हड्डी टूट चुकी थी। इसलिए उनकी मौत हुई। इसका खुलासा शवों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से हुआ।