इंदौर में आज सीएम के साथ 10 हजार महिलाएं- जवान रोपेंगे 80 हजार पौधे

 

इंदौर। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सात जुलाई को बीएसएफ परिसर बिजासन पर पौधारोपण करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। बीएसएफ परिसर में मातृ वंदना के नाम पर लगभग 10 हजार महिलाओं एवं बीएसएफ के जवानों एवं अन्य द्वारा 80 हजार से अधिक पौधे रोपे जाएंगे।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और जनकार्य एवं उद्यान प्रभारी राजेंद्र राठौर ने बताया कि अभियान के तहत शहर में रोपे जाने वाले 51 लाख पौधों में से नगर निगम को 15 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य दिया गया है।
इसके तहत सात जुलाई से 14 जुलाई तक शहर के रेवती रेंज, रीजनल पार्क, बीएसएफ क्षेत्र व विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। रोपे जाने वाले पौधों में जामुन, मोरसली, बादाम, नीम, तिरोमा, मधुकामिनी व अन्य प्रजातियों के पौधे शामिल हैं।

Author: Dainik Awantika