इंदौर में 6 बच्चों की मौत के बाद– युगपुरुष से परमानंद आश्रम शिफ्ट किए बच्चे, एक महीने तक यहीं रहेंगे

 

इंदौर। पंचकुइया स्थित अनाथ आश्रम युगपुरुष धाम बौद्धिक विकास केंद्र में मानसिक रूप से कमजोर छह दिव्यांग बच्चों की मौत के बाद अब पूरा आश्रम खाली करा लिया गया है। इधर, अन्य आश्रमों और अस्पताल में भर्ती बच्चों के स्वस्थ होने पर खंडवा रोड स्थित परमानंद आश्रम में शिफ्ट किया जा रहा है।
बता दें कि परमानंद आश्रम में 123 बच्चे पहुंच चुके हैं, वहीं 23 बच्चे अस्पताल में भर्ती हैं। इधर युगपुरुष धाम आश्रम के खाली होने के बाद प्रशासन ने रिनोवेशन का काम शुरू कर दिया है। पहले दिन पूरे परिसर को सैनेटाइज किया गया। इसके बाद रंगरोगन शुरू कर दिया गया है। यह काम एक महीने तक चलेगा।
इसके बाद बच्चों फिर यहां शिफ्ट किया जाएगा। युगपुरुष धाम आश्रम में रहे मानसिक रूप से बीमार बच्चों को शनिवार को ही परमानंद आश्रम में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं रविवार दोपहर भी 18 बच्चों को अस्पताल से परमानंद आश्रम भेजा गया है।
परमानंद आश्रम के सत्संग हाल में बच्चों के रहने की व्यवस्था की गई है। महिला व बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी रामनिवास बुधोलिया ने बताया कि परमानंद आश्रम में बच्चों के रहने से लेकर सभी तरह की व्यवस्था कर दी गई है।

123 बच्चे पहुंचे परमानंद आश्रम

रविवार शाम तक 123 बच्चे परमानंद आश्रम पहुंचे चुके हैं। उन्हें प्रवचन हाल में रखा गया है। यहां वे खुश नजर आए और एक-दूसरे के साथ खेलते रहे। 23 बच्चे परदेशीपुरा स्थित सामाजिक न्याय विभाग के आश्रम में हैं। 10 बच्चे उत्कृष्ट संस्था में हैं। चार बच्चों का इलाज मानसिक चिकित्सालय में चल रहा है।