हर माह वेतन में कटौती से थे परेशान, महाकाल मंदिर प्रोटोकॉल ऑफिस के बाहर सुरक्षा कर्मियों का धरना

उज्जैन। महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे कर्मचारियों ने आज सुबह प्रोटोकॉल ऑफिस के बाहर धरना दे दिया। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को देते हुए तत्काल ही सुरक्षा कर्मियों को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया। सुरक्षाकर्मी कुछ देर बाद ही अपने काम पर लौट आए।

विश्व प्रसिद्ध बाबा महाकालेश्वर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था निजी कंपनी केएसएस द्वारा संभाली जा रही है। जिसके अंतर्गत तीन शिफ्ट में सैकड़ो कर्मचारी काम कर रहे हैं। महाकाल लोक बनने के बाद प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु महाकाल मंदिर पहुंच रहे हैं जिसके चलते सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कर्मचारियों पर काफी बढ़ गई है। पिछले कुछ माह से सुरक्षा की कमान संभाल रहे कर्मचारियों के वेतन से कंपनी द्वारा राशि की कटौती की जा रही थी। कारण भी नहीं बताया जा रहा था जिसके चलते सुरक्षा कर्मियों में आक्रोश पनपन लगा था। आज सुबह एकाएक कर्मचारियों ने मंदिर के प्रोटोकॉल ऑफिस के बाहर धरना दे दिया। कर्मचारियों में हड़ताल की बात कही तो मंदिर समिति और सुरक्षा एजेंसी के अधिकारियों में हलचल मच गई। सुरक्षा एजेंसी के अधिकारी तत्काल प्रोटोकॉल ऑफिस पहुंचे और कर्मचारियों से चर्चा करते हुए शाम तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। सभी से सुरक्षा व्यवस्था संभालने की बात कही गई। आश्वासन मिलने पर सभी सुरक्षा कर्मचारी कुछ देर बाद ही अपने काम पर लौट गए। मामले को लेकर एजेंसी के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। इतनी जानकारी सामने आ पाई कि कई कर्मचारियों का वेतन काटा जा रहा था वहीं कुछ कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल रहा था।