उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आज सुबह डबल डेकर बस और टैंकर की टक्कर, हादसे में 18 की मौत

बिहार से दिल्ली जा रही बस ओवरटेक करते समय टैंकर से टकराई, लाशें सड़क पर बिखरीं

19 घायल, मृतकों में 14 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे

ब्रह्मास्त्र उन्नाव

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार सुबह 5.15 बजे डबल डेकर बस और टैंकर की टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार 18 यात्रियों की मौत हो गई। 19 घायल हैं। मृतकों में 14 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चे हैं। बस बिहार के सीवान से दिल्ली जा रही थी।

 

हादसा लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बांगरमऊ कोतवाली के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस की ड्राइवर साइड की बॉडी पूरी तरह अलग हो गई। यात्री बाहर गिर गए। उनकी वहीं मौत हो गई। हादसे के वीडियो सामने आए हैं। इनमें दिख रहा है कि सड़क पर लाशें बिखरी पड़ी हैं।

 

पुलिस ने बताया कि बस दूध के टैंकर को ओवरटेक कर रही थी। बेकाबू होकर टैंकर को टक्कर मारते हुई पलट गई। बस में 59 यात्री सवार थे। 22 सुरक्षित हैं। 18 मृतकों में अभी 16 की शिनाख्त नहीं हुई हैं। 15 घायलों का बांगरमऊ सीएचसी में इलाज चल रहा है। 4 गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।

सड़क पर लाशें ही लाशें बिखर गईं
बस हादसे में घायल यात्री शिवम ने बताया- हादसे के वक्त बस में सभी सो रहे थे। बस की स्पीड काफी तेज थी। हम लोगों ने कई बार ड्राइवर से कहा भी था कि बस धीरे चलाइए, लेकिन वह नहीं माना। फिर अचानक बहुत तेज आवाज आई। मैं हड़बड़ा गया। देखा तो बस के शीशे टूट गए थे। लोग बाहर सड़क पर पड़े थे। हम लोग पीछे बैठे थे, इसलिए बच गए। बस सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयानक की था कि सड़क पर लाशें ही लाशें दिख रही थीं।

ल्ल प्रधानमंत्री ने जताया दु:ख, मृतक आश्रित को दो लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा- उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपनों को खोया है। उनके प्रति मेरी संवेदनाएं, ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। इसके साथ ही, मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री ने मृतक आश्रित को दो लाख और घायलों को 50 हजार देने की घोषणा की है।

ल्ल हादसे पर सीएम योगी ने जताया दु:ख- उन्नाव हादसे पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख जताया है और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए हैं। एक्स पर सीएम ने लिखा है कि जनपद उन्नाव में सड़क दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दु:खद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।