संघ के प्रांत प्रचारकों की तीन दिवसीय बैठक 12 से

रांची। झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारकों की वार्षिक बैठक हो रही है। इसकी शुरूआत 12 जुलाई से होगी। तीन दिवसीय कार्यक्रम के दौरान सरसंघचालक मोहन भागवत, सरकार्यवाहक दतात्रेय होसबोले सहित संघ के तमाम बड़े पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस कार्यक्रम के आयोजन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अंबेकर ने विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक के कई मुद्दों में से एक अहम मुद्दा शाखा का विस्तार कर एक लाख तक पहुंचाना है। शाखा में होने वाले कार्यक्रमों को और बेहतर कैसे किया जाए, इस पर भी चर्चा होगी। इस दौरान संघ के उत्तर पूर्वी क्षेत्र बिहार-झारखंड के संघ चालक देवब्रत पाहन, सह प्रचार प्रमुख केंद्र दिल्ली के नरेंद्र ठाकुर और सह प्रचार प्रमुख केंद्र चंडीगढ़ के प्रदीप जोशी मौजूद थे।

सुनील अंबेकर ने बताया कि संघ के प्रांत प्रचारकों की अखिल भारतीय बैठक रांची में 12 से 14 जुलाई तक होनी है। यह वार्षिक बैठक है। इससे पहले रांची में 2015 में कार्यकारी मंडल की बैठक हुई थी। संघ की दृष्टि से साल में तीन प्रमुख बैठकें होती हैं। दो बैठकों में प्रस्ताव होते हैं। पहली बैठक अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की होती है।