इंदौर से प्रोटेक्शन वारंट पर लाई पुलिस चोरी करने स्कूटी पर आई थी 2 साथियों के साथ

उज्जैन। एक्टिवा पर 2 साथियों के साथ चोरी करने आई महिला और उसके एक साथी को पुलिस इंदौर से प्रोटेक्शन वारंट पर माल बरामदगी के लिये उज्जैन लेकर आई है। महिला का एक साथी पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है। गुरूवार को पुलिस उन्हे इंदौर लेकर पहुंची है। चिमनगंज थाना क्षेत्र के एकतानगर में 25-26 मई की रात शोएब पिता मोहम्मद के मकान का ताला तोड़कर अज्ञात बदमाशों ने 1.15 लाख रूपये नगद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिये थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे देखे थे। जिसमें स्कूटी पर सवार महिला और 2 साथी दिखाई दिये थे। तीनों की तलाश करते हुए 31 मई को पुलिस ने चोरी में शामिल दिनेश पिता देवीसिंह मालवीय निवासी ग्राम सरसपुर क्षिप्रा इंदौर को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी निशानदेही पर सोने का हार और टॉप्स बरामद किये गये थे। शेष नगदी और आभूषण उसकी महिला साथी और इमरान उर्फ अकरम निवासी भूरी घाटी आईडिया मल्टी कनासिया के पास होना सामने आये थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी करती, उससे पहले इंदौर भवंरकुआं थाना पुलिस ने महिला और इमरान को चोरी में गिरफ्तार कर लिया था। चिमनगंज थाना पुलिस ने अपने यहां हुई चोरी के मामले में न्यायालय से दोनों का प्रोटेक्शन रिमांड मांगा था। डेढ़ माह बाद रिमांड मिलने पर दोनों को उज्जैन लाया गया है। एएसआई दिनेश सारोठिया ने बताया कि दोनों से माल बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है। महिला और उसके साथी को एक टीम गुरूवार को इंदौर लेकर पहुंची है। संभावना है कि रात में चोरी किये सामान की बरामदगी हो सकती है। शुक्रवार दोपहर दोनों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।