बिहार में बिजली गिरने से 21 लोगों की मौत

मप्र समेत 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, लखनऊ-दिल्ली हाईवे 48 घंटे से पानी में डूबा

 

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

 

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में 12 जिलों में 21 लोगों की मौत बिजली गिरने से हुई हैं। राज्य की नदियां उफान पर हैं। कई घर नदी में समा चुके हैं। कुछ लोग घर छोड़ने के लिए मजबूर हो गए हैं।

 

उधर, उत्तर प्रदेश में नेपाल से लगे जिलों बाढ़ जैसे हालात हैं। पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज के करीब 800 गांव लगातार तीसरे दिन भी बाढ़ की चपेट में हैं। शाहजहांपुर में दिल्ली-लखनऊ हाईवे लगातार दूसरे दिन बंद है। यूपी-बिहार के अलावा पूरे देश में ही तेज बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, जम्मू, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।