बिन बरसात क्षिप्रा में उफान

-इंदौर-देवास में हुई बारिश से बढ़ा जलस्तर, कलेक्टर पहुंचे रामघाट

उज्जैन। क्षिप्रा नदी का रविवार दोपहर को अचानक जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया। कुछ देर में ही घाट पर बने मंदिर आधे पानी में डूबे दिखाई देने लगे। क्षिप्रा का जलस्तर बढ़ने की खबर मिलते ही कलेक्टर नीरज कुमार सिंह रामघाट पहुंच गये थे।

मानसून का नया सिस्टम सक्रिय हो चुका है, लेकिन उज्जैन में बारिश नहीं हो रही है। रविवार सुबह 1.4 मि.मी. बारिश हुई। जिसके बाद देर शाम तक बरसात का नजारा दिखाई नहीं दिया। इस बीच दोपहर में एकाएक क्षिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया। पानी इतनी तेजी के बढ़ा कि कुछ देर में रामघाट पर बने मंदिर आधे-आधे पानी में डूबे दिखाई देने लगे। क्षिप्रा का जलस्तर बढ़ने की खबर मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह स्थिति का जायजा लेने के लिये रामघाट पहुंच गये थे। रामघाट पर नहाने के लिये पहुंच रहे श्रद्धालुओं को आगे जाने से रोका जा रहा था। क्षिप्रा का जलस्तर इंदौर और देवास में हुई बारिश की वजह से बढ़ना सामने आया है। शाम ढलने के बाद जलस्तर कम होने की शुरूआत हो गई थी।