इंदौर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल गेट पर लगाया ताला

इंदौर । इंदौर के वृंदावन कॉलोनी स्थित गरिमा विद्या निकेतन स्कूल में  बड़ी संख्या में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता पहुंचे। स्कूल के विद्यार्थियों को सदस्य बनाने के लिए प्रबंधन से मिले।

मामले में स्कूल प्रबंधन और एबीवीपी एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। एबीवीपी के महानगर सहमंत्री अनुज शुक्ला ने बताया कि स्कूल को लेकर कुछ विद्यार्थियों ने शिकायत की थी। बताया था कि पढ़ाई ठीक से नहीं होती है। राजनीति होती है। स्कूल का माहौल भी ठीक नहीं है।

हम सोमवार सुबह गए थे। हम सदस्यता अभियान भी चला रहे हैं, जिसमें नौवीं व उससे ऊपर की कक्षा के छात्रों को सदस्यता दिलवानी है। शांति से बात रख रहे थे, लेकिन स्कूल के प्रखर बागोरा ने बदतमीजी की। फिर पुलिस आई  वह भी स्कूल प्रबंधन की तरफ से ही बात कर रही थी। इधर स्कूल की ओर से कहा कि बच्चों के स्वजन की अनुमति के बाद ही सदस्य बन पाएंगे। हमारे साथ 200 कार्यकर्ता थे। ताला लगाया था, पर कुछ देर बाद खोल दिया था। स्कूल के डायरेक्टर संतोष बागोरा ने बताया कि हमने कार्यकर्ताओं से कहा था कि बड़ी क्लास के बच्चों की छुट्टी हो गई है आप लोग कल आ जाना। अभी छोटी क्लास के बच्चे आ रहे हैं। इसके बाद तो कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। उन्होंने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया, जिससे बच्चे बाहर नहीं निकल पाए। किसी तरह की अनहोनी न हो इसलिए हमने बाणगंगा पुलिस को सूचित किया था। पुलिस के आने के बाद भी कार्यकर्ता हंगामा करते रहे। उन्होंने महिला स्टाफ से बदतमीजी भी की।