उज्जैन में पारिवारिक विवाद का दुखद अंत हथौड़ी से पत्नि की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

उज्जैन। पारिवारिक विवाद में दंपत्ति के बीच विवाद का बुधवार सुबह दुखद अंत हो गया। पति का शव फंदे पर लटका मिला। पत्नी की लाश कमरे में लगी खाट पर रंक्त रंजीत हालत में पडी थी। मामला हत्या के बाद आत्महत्या का होने पर पुलिस जांच में लगी है। चिंतामण गणेश थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई ने बताया कि ग्राम लेकोड़ा कें एक मकान में पति-पत्नी की लाश पड़ी होने की खबर मिलने पर टीम पहुंची थी। पति अर्जुन मोगिया का शव रस्सी के फंदे से लटका था, पत्नी धापूबाई की लाश खाट पर रक्त रंजीत हालत में पड़ी थी। प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से एक हथौड़ी मिली, जिस पर खून लगा हुआ था। मृतिका धापूबाई के सिर पर चोंट के गहरे निशान थे। मामला पत्नी की हत्या के बाद पति द्वारा फांसी लगाने का सामने आने पर जांच के लिये एफएसएल टीम को बुलाया गया। पति का शव फंदे से उतारने के बाद दोनों की लाश पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाई गई। परिजनों ने बताया कि दोनों अलग बने मकान में रहते थे। दोनों के बीच पारिवारिक विवाद होता रहता था। अर्जुन मजूदरी करता था और शराब भी पीता था। गांव में हुए घटनाक्रम की खबर लगते ही ग्रामीणों की भीड़ मोगिया परिवार के घर के बाहर जमा हो गई थी। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव ग्राम लेकोड़ा लाए गये। जहां से एक साथ दोनों की अंतिम यात्रा निकाली गई।
दोनों का पूर्व में हो चुका था विवाह
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि अर्जुन मोगिया और धापूबाई का दूसरा विवाह था। धापूबाई ग्राम खजूरिया परमार की रहने वाली थी। उसका विवाह नाबालिग रहने के दौरान हो गया था। पति की मौत के बाद उसका अर्जुन से विवाह किया था। अर्जुन पहले से 3 बच्चों का पिता था। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी थी। दोनों की शादी के बाद उनकी 2 संतान और हुई। दोनो बेटियां है। गांव में परिवार के सदस्य आसपास ही रहते है। लेकिन सभी के मकान अलग-अलग बने हुए है।
घर आई बेटी ने देखा सबसे पहले
परिजनों ने बताया कि अर्जुन और धापूबाई की एक बेटी का विवाह हो चुका है। दूसरी 10 वर्षीय बेटी संध्या गांव में ही रहने वाली बुआ के यहां रात में सोने के लिये जाती है। सुबह वह बुआ के यहां से अपने घर आई थी, दरवाजा खुला था, उसने सबसे पहले पिता का लटके हुए देखा। परिवार को बुलाने पर अंदर मां की लाश खाट पर दिखाई दी।
विवाद की वजह नहीं आई सामने
मामले की खबर लगने पर सीएसपी श्वेता गुप्ता भी ग्राम लेकोडा पहुंच गई थी। इस दौरान थाना प्रभारी बल्लू मंडलोई ने बताया कि घटनाक्रम रात 2 से 3 बजे के लगभग का प्रतीत हो रहा है। दोनों अकेले रहते थे। इस दौरान किसी को भी पता नहीं है कि विवाद किस वजह से हुआ था। लेकिन सामने आया कि घरेलू बातों में दोनों झगड़ा करते थे।