मंत्री विजयवर्गीय को गुलाबजामुन परोसे…..कांग्रेस अध्यक्षों से मांग लिया जवाब

इंदौर। इंदौर के कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की प्लेट में परोसे गए गुलाबजामुन कांग्रेस के लिए कड़वे साबित होते दिख रहे हैं। विजयवर्गीय 51 लाख पौधारोपण के अभियान के न्यौते के बहाने कांग्रेस के दरवाजे गए।

कांग्रेसियों ने विजयवर्गीय समेत भाजपा नेताओं की अपने दफ्तर में खूब आवभगत की और नाश्ते में गुलाबजामुन परोसे। दिल्ली तक शिकायत पहुंची कि जिस भाजपा नेता ने बमुश्किल दो महीने पहले कांग्रेस को लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार विहीन कर दिया। उसी को कांग्रेस दफ्तर में गुलदस्ता और गुलाबजामुन मिल रहे हैं। अब कांग्रेस के शहर और जिला अध्यक्ष से संगठन ने मामले में जवाब मांग लिया है। नेता प्रतिपक्ष ने कांग्रेस पार्षदों के साथ मिलकर शहर अध्यक्ष के समर्थन में मुहिम छेड़ दी है। हालांकि दोनों अध्यक्ष अब तक यही बयान दे रहे हैं कि उन्हें नोटिस नहीं मिला। मंत्री विजयवर्गीय 12 जुलाई को महापौर पुष्यमित्र भार्गव व नगर-जिला भाजपा अध्यक्षों को लेकर कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे। विजयवर्गीय की अगवानी के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्डा समेत तमाम कांग्रेस नेता गांधी भवन के बाहर सड़क पर खड़े दिखे। कार्यालय में पहुंचे विजयवर्गीय व अन्य भाजपा नेताओं का स्वागत हुआ। नाश्ते में गुलाबजामुन परोसे गए तो विजयवर्गीय ने सिर्फ फीकी चाय पी। अन्य भाजपा नेताओं ने कांग्रेसी नाश्ते का लुत्फ लिया। मंत्री ने कांग्रेसियों को उनके दफ्तर में ही सौहार्द की राजनीति करने की सीख भी दी। दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने शिकायत भेज दी कि मेहमानवाजी करते किसी कांग्रेसी ने विजयवर्गीय से यह पूछने का साहस भी नहीं किया कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार का दलबदल करवाया था वो राजनीति का कौन सा स्वरूप था। दिल्ली के नेताओं ने इसे गंभीर घटना माना। अब प्रदेश कांग्रेस ने शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्डा और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव से जवाब मांग लिया है।