3 सालों से कमरे में बंद पड़े थे करोड़ो के सफाई उपकरण

उज्जैन। स्वच्छता में शहर को नबंर-1 बनाने के लिये नगर निगम द्वारा करोड़ो के उपकरण खरीदे थे। जिसमें अत्याधुनिक रोबट भी शामिल था। लेकिन 3 सालों से उपकरण ताले में बंद पड़े थे। शुक्रवार को निगम एमआईसी सदस्यों ने ताला खोला और उपकरणों की धूल हटाई। निगम अधिकारियों पर जनता की कमाई को बर्बाद करने का आरोप लगाया। शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम द्वारा उपकरणों और संसाधनों की खरीददारी की जाती है। पिछले कुछ वर्षो से धार्मिक नगरी को स्वच्छता में नबंर-1 बनाने के लिये लगातार प्रयास किये जा रहे है। जिसके चलते कई उपकरणों की खरीददारी की गई थी। वर्षाकाल के दौरान नालों की सफाई के लिये अत्याधुनिक रोबट लाखों की कीमत में खरीदा गया था। लेकिन तीन सालों से उक्त रोबट ग्राउंड होटल के निगम कार्यालय में बंद पड़ा था। शहर में हो रही बारिश के दौरान कई जगह जलभराव की स्थिति निर्मित होने लगी है। वहीं सफाई के संसाधनों की कमी भी साफ दिखाई दे रही है। इसी को लेकर शुक्रवार को नगर निगम एमआईसी सदस्यों ने मोर्चा खोला और ग्राउंड होटल स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां उन्होने एक कमरे का ताला खोला गया, जहां सफाई से जुड़े करोड़ों के संसाधन और उपकरण धूल खाते दिखाई दिये। एमआईसी सदस्य सत्यनारायण चौहान ने बताया कि संसाधनों की मौजूदगी के बाद व्यवस्थाओं को नहंी सुधारा जा रहा है।  उन्होने नगर निगम के आयुक्त पर संज्ञान नहीं लेने की बात कहते हुए कहा कि हमारे रामघाट पर भोपाल से गाडी सफाई व्यवस्था के लिये बुलाई गई। यह काम हमारे सफाई मित्र भी कर सकते है। अत्याधुनिक रोबट का एक बार दिखाई दिया, जिसका फोटो लिया गया और बंद कर दिया गया। उसमें विदेशी कैमरा लगा हुआ है, जो बड़े नालों में यह बता सकता है कि कचरा कहा फंसा हुआ है। सफाई मित्रों की सुविधा के कई ऐसे संसाधन बंद पड़े है, जिसके उपयोग से शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर किया जा सकता है। सत्यनारायण चौहान का कहना था कि हम जनप्रतिनिधि है, जनता ने हमें चुना है, इसलिये अधिकारियों को आकर काम करने के लिये कहा गया है। ग्राउंड होटल कार्यालय में एमआईसी सदस्य योगेश्वरी राठौर, शिवेन्द्र तिवारी, रजत मेहता, प्रकाश चौहान सहित अन्य सदस्य मौजूद थे। इस दौरान निगम उपायुक्त आरती खेड़कर भी वहां पहुंची और उन्होने बताया कि वर्ष 2021 में खरीदा गया काफी सामान कर्मचारियों को वितरीत किया  जा चुका है। यहां पर अन्य विभागों का सामान भी रखा हुआ है। सफाई व्यवस्था से जुड़ा जो सामान शेष रखा हुआ है उसे दिखावा लिया जायेगा और सफाई मित्रों को उपलब्ध कराया जायेगा।