दिन-रात के तापमान में एक डिग्री का फासला

दैनिक अवंतिका
उज्जैन। शहर में दिनभर हुई रिमझिम बारिश के बीच शनिवार को अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री की गिरावट आ गई। वेधशाला पर तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार-शनिवार रात न्यूनतम तापमान में मामूली तेजी आई और तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ। दिन-रात के तापमान में आये उतार-चढ़ाव के बीच फासला एक डिग्री का रह गया। वेधशाला पर्यवेक्षक दीपक गुप्ता ने बताया कि शनिवार सुबह 4 किमी. प्रतिघंटे की हवा चल रही थी, दिन में हवा की गति 10 किमी. प्रतिघंटे की हो गई थी। बारिश के साथ हवा के चलते अधिकतम तापमान में कमी आई है। सुबह सात बजे से शाम 6 बजे तक 22 मिमी. बारिश दर्ज हुई है। जो एक इंच के करीब है। बारिश और हवा चलने पर शाम की आर्द्रता का प्रतिशत 92 पर आ गया था।