पांच माह के अंतराल बाद 2 अगस्त को नगर निगम का साधारण सम्मेलन

उज्जैन । नगर निगम का साधारण सम्मेलन पांच माह के अंतराल बाद 2 अगस्त को निगम मुख्यालय में आयोजित होगा। इसमें कोठी महल के पास विकसित अटल अनुभूति उद्यान में टिकट लागू करने के प्रस्ताव पर मंथन कर हरी झंडी दी जाएगी। सदन में कुल आठ प्रस्ताव रखे जाएंगे। जिन प्रस्तावों को सदन द्वारा वापस किया था, उनको अभी प्रस्तावों में शामिल नहीं किया गया है।
नगर निगम का साधारण सम्मेलन पिछली बार लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले 6 मार्च को हुआ था। अब 2 अगस्त को दोपहर 1 बजे से आयोजित होगा। इसके लिए निगम प्रशासन ने महापौर मुकेश टटवाल और निगम अध्यक्ष कलावती यादव सहित सभी पार्षदों को एजेंडा जारी कर दिया है। इसके साथ ही नगर निगम की राजनीतिक हलचल भी बढ़ गई है। कांग्रेस इस एजेंडे के साथ बीजेपी बोर्ड को घेरने की तैयारी में जुट गई है। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य प्रस्तावों पर भी चर्चा हो सकती है। शांति पैलेस चौराहे के नामकरण को लेकर लंबे समय से चले आ रहे मतभेद को लेकर भी सदन में सहमति बनाई जा सकती है। इस सिलसिले में एमआईसी में पास प्रस्तावों पर निर्णय होंगे। नगर निगम सदन ने कुछ प्रकरण लौटा दिए थे। इनमें लाइट मेंटेनेंस का ठेका भी शामिल था। इनमें से एक भी प्रकरण को अभी तक सदन में दोबारा रखे जाने पर निर्णय नहीं हो सका है। इसको लेकर कांग्रेस के कुछ पार्षद आपत्ति ले सकते हैं।